चारामा/कांकेर |
संविदा आयुर्वेदिक डॉक्टर की आत्महत्या के मामले में चारामा पुलिस ने नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन सभी पर एक युवती के साथ डॉक्टर का अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने, सामाजिक दबाव बनाने, पांच लाख रुपये की अवैध मांग करने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने जैसे गंभीर आरोप हैं।
घटना ग्राम पुरी की है, जहां डॉक्टर ने 17-18 मई की रात अपने आवास में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मृतक के परिजनों द्वारा दी गई सूचना के आधार पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। जांच में मिले सुसाइड नोट और हस्तलिखित पत्रों से सामने आया कि डॉक्टर को योजनाबद्ध तरीके से मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया था।
जांच के अनुसार, आरोपियों ने 14 मई की रात डॉक्टर के आवास में छत पर चढ़कर एक युवती के साथ डॉक्टर का आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड किया और उसे वायरल कर दिया। इसके बाद ग्रामीणों की उपस्थिति में पंचायत बुलाई गई, जिसमें डॉक्टर से पांच लाख रुपये की मांग की गई। सोशल मीडिया और समाचार पत्रों के माध्यम से बदनामी के चलते डॉक्टर मानसिक रूप से टूट चुका था।
पुलिस ने मामले में आरोपियों के कब्जे से 8 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं, जिनसे वीडियो वायरल किया गया था। गिरफ्तार किए गए आरोपी हैं:
1. आशीष यादव
2. सचिन कुमार हिड़को
3. रितेश उर्फ सोनू नरेटी
4. डिगेश सिन्हा
5. अनिल सिन्हा
6. सतीश साहू
7. शत्रुघ्न सिन्हा
8. कान्हा उर्फ कन्हैया मरकाम
9. नवीन निर्मलकर
चारामा पुलिस ने बताया कि मामले में अब तक भारतीय न्याया संहिता की धारा 108, 238, 3(5) और आईटी एक्ट की धारा 67बी जोड़ी गई है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
थाना प्रभारी छावनी एवं एसपी कांकेर के निर्देश पर विवेचना को आगे बढ़ाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।






