दुर्ग जिले में भुईया पोर्टल के ऑनलाइन रिकॉर्ड से छेड़छाड़ कर जमीनों के खसरा–रकबा में फर्जी बदलाव कर लोन प्राप्त करने के संगठित अपराध का बड़ा खुलासा हुआ है। नंदनी नगर थाना एवं ACCU की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस मामले में अब तक कुल 10 आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं, जिनमें एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है। पुलिस के अनुसार इस अपराध में अन्य आरोपी भी शामिल रहे हैं, जिनकी तलाश और गिरफ्तारी की प्रक्रिया जारी है।
पूरा मामला तब सामने आया जब 13 अगस्त 2025 को तहसीलदार राधेश्याम वर्मा, तहसील कार्यालय अहिवारा, नंदनी नगर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि पटवारी हल्का नंबर 16 के ग्राम अछोटी और मुरमुंदा के भुईया सॉफ्टवेयर में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा अनधिकृत रूप से लॉगइन कर रिकॉर्ड में छेड़छाड़ की गई, नए खसरा नंबर तैयार किए गए और उनका उपयोग बैंक लोन लेने में किया गया।
जांच में पाया गया कि फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भारतीय स्टेट बैंक, शाखा नंदनी नगर से ₹36,00,000 (छत्तीस लाख रुपये) का लोन प्राप्त किया गया और उक्त राशि को तुरंत अनेक खातों में ट्रांसफर किया गया। इनमें से ₹20,26,547 (बीस लाख छब्बीस हजार पाँच सौ सैंतालीस रुपये) नंदकिशोर साहू के खाते में ट्रांजिट पाया गया। इस प्रकार मामले में अब तक कुल प्रवाहित रकम ₹56,26,547 (56.26 लाख रुपये) प्रमाणित हुई है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने ग्राम मुरमुंदा, अछोटी, बोरसी और चेटुवा समेत अन्य क्षेत्रों की जमीनों के खसरा और रकबा में भी फर्जी बटांकन किया तथा शासकीय भूमि को निजी भूमि के रूप में दर्शाकर अलग-अलग बैंकों से लोन स्वीकृत कराने की मंशा से राजस्व रिकॉर्ड से छेड़छाड़ की। इस संबंध में थाना नंदनी नगर, थाना कुम्हारी तथा थाना अमलेश्वर में अपराध पंजीबद्ध किए गए हैं।
प्रकरण में इससे पहले एन.के. साहू, अमित कुमार मौर्य और गणेश प्रसाद तंबोली की गिरफ्तारी की गई थी। इनसे पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी अशोक उरांव द्वारा पटवारी का यूजर आईडी, पासवर्ड और OTP उपलब्ध कराए जाते थे। जिसके आधार पर अशोक उरांव, कोमल साहू, कौशल फेकर, ओमप्रकाश निषाद, देवानंद साहू एवं शिवचरण कौशल को 25 नवंबर 2025 को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
आज की कार्रवाई में आरोपी गिरधर बंजारे उर्फ अमन बंजारे (उम्र 33 वर्ष, निवासी जांजगीर-चांपा) को पटवारी का यूजर आईडी, पासवर्ड और OTP उपलब्ध कराकर भुईया पोर्टल में छेड़छाड़ करवाने के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस पूरे प्रकरण में नंदनी नगर थाना एवं ACCU की संयुक्त टीम की भूमिका महत्वपूर्ण रही है, वहीं पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले से जुड़े अन्य आरोपियों और धन के प्रवाह की जांच जारी है तथा आगे भी गिरफ्तारियां संभावित हैं।






