Advertisements

डाॅ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया गणतंत्र दिवस का जिला स्तरीय मुख्य समारोह,प्रभारी मंत्री ने आन-बान-शान से फहराया राष्ट्रीय ध्वज।

Picture of Mohit Prakash

Mohit Prakash

SHARE:

 

मुंगेली: जिले में गणतंत्र दिवस 26 जनवरी को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। प्रदेश के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं ग्रामोद्योग मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री गुरू रूद्र कुमार जिला मुख्यालय मुंगेली स्थित डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने आज प्रातः 09 बजे मुख्य समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और जिले के नागरिकों को गणतंत्र दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। मुख्य अतिथि गुरू रूद्र कुमार ने परेड का निरीक्षण किया और परेड की सलामी ली। तत्पश्चात मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा जनता के नाम प्रेषित संदेश का वाचन किया और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, कार्यक्रमों और आगामी कार्ययोजना के संबंध में जानकारी दी। मुख्य अतिथि ने कलेक्टर राहुल देव और पुलिस अधीक्षक चन्द्रमोहन सिंह के साथ शांति के प्रतीक श्वेत कपोत और हर्षोल्लास एवं खुशहाली के प्रतीक तीन रंगों के गुब्बारों को उन्मुक्त आसमान की ओर छोड़े। परेड कमांडर रक्षित कमांडर श्रीमती नरगिस तिग्गा एवं परेड उप कमांडर सत्यम चैहान के नेतृत्व में 06 प्लाटूनों द्वारा आकर्षक मार्चपास्ट किया गया।

समारोह में प्रभारी मंत्री गुरू रूद्र कुमार ने जिले के वीर शहीदों के शहादत को नमन करते हुए शहीद आनंद सिंह की पत्नी श्रीमति ममता राठौर, शहीद नरेंद्र सिंह के पिता रामावतार साहू, शहीद संतोष पहारे के पिता रतिदास पहारे, शहीद छत्रधारी जांगडे़ की पत्नी श्रीमति चुलेश जांगड़े, शहीद धनजंय सिंह राजपूत के बड़े भाई नेमसिंह राजपूत और शहीद राजकमल कश्यप के पुत्र रजनीश कश्यप को शाल और श्रीफल प्रदान कर सम्मानित किया। मुख्य समारोह में शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला करही, स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल, रेम्बो मेमोरियल हायर सेकेण्डरी स्कूल, कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय चातरखार और कला केन्द्र के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति दी गई जिसका लोगों ने ताली बजाकर उत्साहवर्धन किया। वहीं विभिन्न विभागों द्वारा शासन की योजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित आकर्षक झांकी भी प्रदर्शित की गई।

प्रभारी मंत्री ने समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला करही, द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय चातरखार और तृतीय स्थान प्राप्त करने पर स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। इसी प्रकार झांकी में मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लिीनिक योजना को आकर्षक रूप से प्रस्तुत करने पर स्वास्थ्य विभाग को प्रथम स्थान, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना की आकर्षक प्रस्तुति पर महिला एवं बाल विकास विभाग को द्वितीय स्थान और यातायात एवं सायबर सुरक्षा के लिए पुलिस विभाग को तृतीय स्थान प्राप्त करने पर मुख्य अतिथि ने उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने समारोह में लगभग 100 अधिकारी-कर्मचारियों को भी जिले में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरविंद कुमार सिन्हा, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव मयंक सोनी, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष थानेश्वर साहू, जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमति लेखनी सोनू चन्द्राकर, नगर पालिका परिषद मुंगेली के अध्यक्ष हेमेन्द्र गोस्वामी, जिला पंचायत के उपाध्यक्ष संजीत बनर्जी, अपर कलेक्टर तीर्थराज अग्रवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डी. एस. राजपूत, संयुक्त कलेक्टर श्रीमति नम्रता आनंद डोंगरे, नवीन भगत तथा बी. आर. ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर अजय शतरंज, एसडीएम सुश्री आकांक्षा शिक्षा खलखो, कृषि उपज मंडी बोर्ड मुंगेली के अध्यक्ष आत्मा सिंह क्षत्रिय, अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के सदस्य सुश्री रत्नावली कौशल, जिला पंचायत सदस्य वशी उल्लाह खाॅ, जनपद पंचायत लोरमी की अध्यक्ष श्रीमति मीना नरेश पाटले, वरिष्ठ नागरिक खेमसिंह बारमते, सागर सिंह बैस, राकेेश पात्रे, स्वतंत्र मिश्रा, रूपलाल कोसरे, दिलीप बंजारा, संजय यादव, श्रीमती मायारानी सिंह, नगर पालिका मुंगेली के पार्षदगण, गणमान्य नागरिक, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, विभिन्न मीडिया के प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में लोग और स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन जिला कलेक्टोरेट के अधीक्षक अशोक सोनी और महिला एवं बाल विकास विभाग के पर्यवेक्षक श्रीमति विभा मसीह ने किया।

Mohit Prakash
Author: Mohit Prakash

Advertisements

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
Advertisements
और पढ़ें
error: Content is protected !!