Advertisements

VIDEO : गौ तस्करी पर ‘शंखनाद’ की गूंज: तीन साल से फरार इमरान उर्फ इब्राहिम उड़ीसा से दबोचा गया, छह गौवंश भी छुड़ाए गए

Picture of The prime news

The prime news

SHARE:

छत्तीसगढ़ कि जशपुर पुलिस ने गौ तस्करी के खिलाफ जारी अपने विशेष अभियान ऑपरेशन शंखनाद के तहत सफलता हासिल की है। तीन साल से फरार चल रहे पशु तस्कर इमरान उर्फ इब्राहिम पिता गुलाम मुस्तफा (उम्र 30 वर्ष), निवासी बनडेगा, थाना तलसरा, जिला सुंदरगढ़ (उड़ीसा) को कुनकुरी पुलिस ने उड़ीसा से गिरफ्तार कर लिया। वहीं, एक अन्य कार्रवाई में थाना लोदाम पुलिस ने 6 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से सकुशल मुक्त कराया है।

 

एसएसपी शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान में अब तक 800 से अधिक गौवंशों को तस्करी से बचाया जा चुका है। पुलिस की सख्ती से अब तक कई तस्कर गिरफ्तार हो चुके हैं और यह सिलसिला लगातार जारी है।

वीडियो देखिये

 कुनकुरी थाना क्षेत्र में वर्ष 2022 में दर्ज एक मामले में आरोपी इमरान पर गौ मांस की तस्करी का आरोप था। जानकारी के अनुसार, इमरान एक सुपर स्प्लेंडर मोटर साइकिल (CG14ML5713) से काले रंग के बैग में गौ मांस लेकर ग्राम बरांगजोर क्षेत्र में पहुंचा था। ग्रामीणों को शक होने पर वह मौके से फरार हो गया था, जबकि उसका साथी सिलबेरियूस खेस्स पुलिस के हत्थे चढ़ गया था। पूछताछ में सिलबेरियूस ने इमरान की संलिप्तता उजागर की थी।

 

काफी समय तक फरार रहने के बाद पुलिस को सूचना मिली कि इमरान अपने गांव बनडेगा (उड़ीसा) में मौजूद है। इस पर टेक्निकल टीम व मुखबिर की सूचना के आधार पर घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया गया। उसके कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त मोटर साइकिल भी जब्त कर ली गई है।

 

लोदाम क्षेत्र में जंगल से छुड़ाए गए 6 गौवंश

 

थाना लोदाम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्ति ग्राम कोनीबिरा होते हुए 6 गौवंशों को बेरहमी से पीटते हुए झारखंड की ओर ले जा रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देखा कि तस्कर गौवंशों को नदी पार कराते हुए जंगल में ले जा रहे थे। पुलिस को देख तस्कर जंगल की आड़ में फरार हो गए, परंतु सभी 6 गौवंशों को सकुशल छुड़ा लिया गया।

 

गिरफ्तार आरोपी इमरान के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 5, 10 के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। फरार तस्करों की तलाश जारी है और पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का भरोसा जताया है।

एसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन शंखनाद के तहत हम तस्करों की कमर तोड़ने में जुटे हैं। एक-एक कर सभी फरार तस्कर सलाखों के पीछे होंगे।” उन्होंने कहा कि ऑपरेशन शंखनाद के तहत एक पुराने मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, तथा थाना लोदाम अंतर्गत 6 नग गौ वंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया गया है, फरार तस्करों की पतासाजी जारी है, जिन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

The prime news
Author: The prime news

Advertisements

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
Advertisements
और पढ़ें
error: Content is protected !!