Advertisements

जशपुर में एनसीसी कैडेट्स की भव्य तिरंगा यात्रा, गूंजे “भारत माता की जय” के नारे

Picture of The prime news

The prime news

SHARE:

देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुँचाया, राहगीरों को बताया राष्ट्रध्वज का महत्व

जशपुर। स्वतंत्रता दिवस से पूर्व पूरे देश में चल रहे हर घर तिरंगा अभियान के बीच शासकीय रामभजन राय एनईएस स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जशपुर में एनसीसी इकाई द्वारा गुरुवार को भव्य “तिरंगा यात्रा” का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन में देशभक्ति तथा राष्ट्रीय एकता का संदेश प्रसारित करना था। कार्यक्रम कमान अधिकारी 28 बटालियन एनसीसी रायगढ़ एवं महाविद्यालय के प्राचार्य के निर्देशानुसार सम्पन्न हुआ।

महाविद्यालय प्रांगण से यात्रा का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. ए.आर. बैरागी, पूर्व प्राचार्य डॉ. विजय रक्षित, एनसीसी अधिकारी डॉ. ए.आर. पैंकरा, प्रो. प्रवीण सतपती, रजिस्ट्रार बी.आर. भारद्वाज, सुनील चौहान व सत्यम कुमार की उपस्थिति में हुआ। यात्रा में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

शहर की सड़कों पर उमड़ा तिरंगे का सैलाब
तिरंगा यात्रा महाविद्यालय परिसर से निकलकर रक्षित केंद्र, पुलिस पेट्रोल पंप, जैन मंदिर, बस स्टैंड, महाराजा चौक, हनुमान मंदिर होते हुए पुनः महाविद्यालय पहुंची। इस दौरान एनसीसी कैडेट्स ने तिरंगा हाथों में थामकर अनुशासन और ऊर्जा के साथ कदमताल किया। “वंदे मातरम्”, “भारत माता की जय” और “जय हिन्द” के गगनभेदी नारों से पूरा मार्ग गूंज उठा।

यात्रा के दौरान कैडेट्स ने राहगीरों को राष्ट्रध्वज का महत्व बताया और कई घरों में जाकर ध्वज फहराने से जुड़ी जानकारी दी। साथ ही स्वतंत्रता संग्राम के प्रेरणादायी प्रसंग सुनाकर राष्ट्रीय एकता और बलिदान की भावना को जागृत किया।

देशभक्ति और जिम्मेदारी का संदेश
महाविद्यालय लौटने पर आयोजित सभा में प्राचार्य डॉ. ए.आर. बैरागी ने कहा, “आज हम केवल तिरंगा यात्रा नहीं निकाल रहे, बल्कि युवाओं के मन में देशप्रेम की अलख जगा रहे हैं। तिरंगा हमारी पहचान और स्वतंत्रता का प्रतीक है।”

पूर्व प्राचार्य डॉ. विजय रक्षित ने कहा, “तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि हमारी आज़ादी, अस्मिता और गौरव का प्रतीक है। यह यात्रा युवा पीढ़ी को देशभक्ति के रंग में रंगने का माध्यम है।”
एनसीसी अधिकारी डॉ. ए.आर. पैंकरा ने कैडेट्स के अनुशासन और संगठनात्मक कौशल की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों में राष्ट्रीय चेतना और समाजसेवा का भाव प्रबल करते हैं।

कैडेट्स की सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम में सीनियर एनसीसी कैडेट सौरभ सिंह, अभिषेक सिंह, नैमिष यादव, साहिल सिंह, रोहित राम, करण राम, आशीष भगत, बिनीता बाई, ललिता यादव, सुचिता भगत, अल्पना मिंज, एंजेलिना कुजूर, वर्षा भगत सहित एनसीसी के अनेक छात्र-छात्राएं शामिल हुए।

इस तिरंगा यात्रा ने न केवल शहरवासियों में देशभक्ति की लहर दौड़ाई, बल्कि यह भी साबित किया कि युवा पीढ़ी राष्ट्र के सम्मान और एकता की रक्षा के लिए सदैव तत्पर है।

 

The prime news
Author: The prime news

Advertisements

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
Advertisements
और पढ़ें
error: Content is protected !!