सूरजपुर। डीआईजी व एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने शुक्रवार, 22 अगस्त 2025 को संयुक्त जिला कार्यालय से थाना विश्रामपुर और भटगांव क्षेत्र में संचालित बैंकों के संयुक्त साइबर जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और जिले में साइबर जागरूकता अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने बैंक खाते की गोपनीय जानकारी, पासवर्ड या ओटीपी किसी से साझा न करें और अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें। उन्होंने कहा कि साइबर ठग आए दिन नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को निशाना बनाते हैं, इसलिए ज़रा सी लापरवाही मेहनत की कमाई पर भारी पड़ सकती है।
ठाकुर ने कहा कि थोड़ी सी सतर्कता और सावधानी से लोग साइबर धोखाधड़ी से बच सकते हैं। तकनीक ने जहां दैनिक जीवन को सरल और सहज बनाया है, वहीं साइबर अपराध की चुनौतियां भी बढ़ी हैं। डिजिटल युग में जागरूकता ही सबसे बड़ी सुरक्षा है। यदि हम स्वयं सतर्क रहें और दूसरों को भी सतर्क करें, तो साइबर अपराधियों के मंसूबे सफल नहीं हो पाएंगे।
पुलिस मुख्यालय से प्राप्त निर्देशों के अनुरूप पुलिस और बैंक संयुक्त रूप से इस अभियान को चला रहे हैं। इसके अंतर्गत रथ के माध्यम से वीडियो और ऑडियो संदेश, नुक्कड़ नाटक, चलित थाना, स्कूल और कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य जिले के अंतिम छोर तक रहने वाले लोगों तक साइबर अपराध से बचाव की जानकारी पहुंचाना है।
बैंकों के अधिकारियों ने बताया कि ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दर्ज कराई जा सकती है। कार्यक्रम में एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैंकरा, डीएसपी मुख्यालय महालक्ष्मी कुलदीप, डीएसपी रितेश चौधरी, रक्षित निरीक्षक अशोक गिरी, थाना प्रभारी विश्रामपुर प्रकाश राठौर, थाना प्रभारी भटगांव सरफराज फिरदौसी, साइबर सेल प्रभारी राकेश यादव सहित पुलिस और बैंक अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने इस पहल को सफल बनाने और साइबर अपराधों से बचाव के संदेश को अधिक से अधिक प्रसारित करने की अपील की।




