11 लोगों के समूह की संलिप्तता सामने आने का दावा; तार और शिकार में इस्तेमाल सामग्री बरामद
जशपुरनगर। दुलदुला वन परिक्षेत्र के ढोढ़ीआरा गांव के नोनपानी जंगल में 24 सितंबर की सुबह मृत मिले नर हाथी की मौत शिकार के लिए बिछाए गए करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से होने की आशंका जांच में सामने आई है। मामले में वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक छह आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पांच अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। वन विभाग के अनुसार पूछताछ में इस घटना में करीब 11 लोगों के समूह की संलिप्तता से संबंधित जानकारी सामने आई है।
वन विभाग को 24 सितंबर की सुबह करीब 8.30 बजे ढोढ़ीआरा के समीप जंगल में हाथी के मृत पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही वन विभाग की मैदानी टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों को हटाकर क्षेत्र को सुरक्षित किया गया और साक्ष्यों को संरक्षित करते हुए जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए गुरुघासीदास राष्ट्रीय उद्यान और पुलिस विभाग के डॉग स्क्वायड की मदद से घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान जंगल और खेतों की सीमा के पास करीब डेढ़ किलोमीटर क्षेत्र में विद्युत तार बिछाए जाने के निशान मिले। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि हाथी के मृत मिलने के बाद घटनास्थल से करंट प्रवाहित तार हटा दिया गया था। वन विभाग को आशंका हुई कि जंगल में आने वाले जंगली सूअर अथवा अन्य वन्यजीवों के शिकार के उद्देश्य से अवैध रूप से तार बिछाकर उसमें करंट प्रवाहित किया गया था और इसी की चपेट में आने से हाथी की मौत हुई।
तीन घरों की तलाशी, तार और शिकार सामग्री बरामद
जांच के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों से अलग-अलग पूछताछ की गई। प्राप्त जानकारी के आधार पर वन विभाग की टीम ने ढोढ़ीआरा गांव में तीन मकानों की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान विद्युत करंट लगाने में इस्तेमाल किए जाने वाले तार और अन्य सामग्री बरामद हुई। एक मकान से मोर के पंख तथा वन्यजीवों के शिकार में इस्तेमाल किया जाने वाला फंदा भी बरामद किया गया।
पूछताछ के दौरान पोनहारी गांव के रहने वाले सलिंदर और रूपेश से मिली जानकारी एवं उनकी निशानदेही पर जंगल के भीतर करीब एक किलोमीटर दूर नाले के पास छिपाकर रखा गया विद्युत तार भी बरामद किया गया। वन विभाग ने बरामद सामग्री को जब्त कर सीलबंद किया है। तार बिछाए जाने के मार्ग, घटनास्थल और बरामदगी की प्रक्रिया की फोटो और वीडियोग्राफी भी कराई गई है, ताकि जांच में उपलब्ध साक्ष्यों का विधिवत दस्तावेजीकरण किया जा सके।
वन विभाग के अनुसार पूछताछ में यह जानकारी सामने आई कि करीब 11 लोगों का समूह जंगल में वन्यजीवों के शिकार के लिए करंट प्रवाहित तार बिछाने में शामिल था। घटना के बाद आरोपितों ने कथित रूप से घटनास्थल से तार हटाकर कुछ सामग्री एक घर में तथा कुछ को जंगल में छिपा दिया था। जांच में सामने आए तथ्यों और बरामद साक्ष्यों के आधार पर वन विभाग ने आरोपितों की गिरफ्तारी की कार्रवाई शुरू की।
18 घंटे के भीतर शुरू हुई गिरफ्तारी और न्यायिक कार्रवाई
वन विभाग के अनुसार घटना की सूचना मिलने के करीब 18 घंटे के भीतर मामले में संलिप्त संदिग्ध आरोपितों की पतासाजी करते हुए गिरफ्तारी और न्यायिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। अब तक छह आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं। गिरफ्तार आरोपितों में धुरीअंबा निवासी समीर टोप्पो, कोहड़ाफारी निवासी अगसतुस एक्का, धुरीअंबा निवासी रूपेश एक्का, ढोढ़ीआरा निवासी दिनेश राम, कोहड़ाफारी निवासी सलिंद्र राम और इसी गांव के तरसियुस राम शामिल हैं। पांच अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपितों का आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण कराने के बाद 25 सितंबर की शाम न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की गई। मामले में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 तथा अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है। जांच अभी जारी है और साक्ष्यों के आधार पर अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।
सरगुजा से आए पशु चिकित्सक ने किया पोस्टमार्टम
मृत नर हाथी का निर्धारित प्रक्रिया के तहत पोस्टमार्टम कराया गया। सरगुजा से आए पशु चिकित्सक डॉ. अजीत पांडेय और स्थानीय पशु चिकित्सकों की टीम ने पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम के बाद आवश्यक नमूने सुरक्षित किए गए हैं। हाथी की मौत के वास्तविक कारण की अंतिम पुष्टि फोरेंसिक जांच और संबंधित रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद की जाएगी। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वन्यजीव और छत्तीसगढ़ शासन के निर्धारित नियमों के अनुसार मृत हाथी को विधिवत दफना दिया गया।
वन विभाग ने बताया कि मामले में जांच लगातार जारी है। आरोपितों के पूर्व में किए गए संभावित वन्यजीव अपराधों में शामिल होने की भी जांच की जा रही है। साथ ही विद्युत विभाग से तकनीकी परीक्षण तथा बिजली आपूर्ति से संबंधित आवश्यक अभिलेख भी प्राप्त किए जा रहे हैं।
बॉक्स : ये छह आरोपित गिरफ्तार
समीर टोप्पो, निवासी धुरीअंबा
अगसतुस एक्का, निवासी कोहड़ाफारी
रूपेश एक्का, निवासी धुरीअंबा
दिनेश राम, निवासी ढोढ़ीआरा
सलिंद्र राम, निवासी कोहड़ाफारी
तरसियुस राम, निवासी कोहड़ाफारी
वर्जन “ढोढ़ीआरा के नोनपानी जंगल में करंट लगने से हाथी की मौत हुई थी। मामले में शामिल 11 लोगों में से छह आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। पांच अन्य की तलाश की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।”





