छत्तीसगढ़ के दुर्ग में पिकअप के गुप्त चेंबर से 4 करोड़ रुपये बरामद, दो लोग हिरासत में

Picture of The Prime News

The Prime News

SHARE:

छत्तीसगढ़ के दुर्ग में पिकअप के गुप्त चेंबर से 4 करोड़ रुपये बरामद, दो लोग हिरासत में

 

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस ने वाहन जांच के दौरान बड़ी मात्रा में नकदी बरामद की है। खुर्सीपार थाना क्षेत्र के डबरापारा में एक मॉडिफाइड बोलेरो मैक्स पिकअप के पिछले हिस्से में बनाए गए गुप्त चेंबर से पुलिस को 4 करोड़ रुपये मिले हैं। वाहन में सवार दो व्यक्तियों से नकदी के स्रोत, स्वामित्व और इसे ले जाने के उद्देश्य को लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में आयकर विभाग को भी सूचना भेजने की तैयारी है।

 

पुलिस कार्यालय, जिला दुर्ग से 26 अक्टूबर 2026 को जारी जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में अवैध गतिविधियों और संदिग्ध परिवहन पर निगरानी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने डबरापारा, थाना खुर्सीपार के पास वाहन की जांच की।

 

रायपुर से नागपुर की ओर जा रहा था पिकअप

 

जानकारी के मुताबिक, सफेद रंग का बोलेरो मैक्स पिकअप वाहन क्रमांक CG 04 QU 5996 रायपुर से नागपुर की ओर जा रहा था। वाहन को रात करीब 11 बजे चेकिंग के दौरान रोका गया। शुरुआती जांच में वाहन का पिछला हिस्सा सामान्य से अलग दिखाई दिया। इसे मॉडिफाई कर पूरी तरह बंद किया गया था, जिसके बाद पुलिस ने गहन तलाशी ली।

 

गुप्त चेंबर खोलने पर मिली नकदी

 

पुलिस की तलाशी के दौरान पिकअप के पिछले हिस्से में विशेष रूप से बनाया गया गुप्त चेंबर मिला। इसे खोलने पर अंदर छिपाकर रखी गई भारतीय मुद्रा बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, बरामद नकदी की कुल राशि 4 करोड़ रुपये है।

 

वाहन में दो व्यक्ति सवार थे। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम भवेशभाई जीनाभाई डाभी, जो वाहन चला रहा था, और विष्णुदेव दुबे बताए। पुलिस दोनों से बरामद रकम के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

 

नकदी के स्रोत की होगी जांच

 

पुलिस के अनुसार, नकदी कहां से लाई गई, इसका वास्तविक मालिक कौन है और इसे किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था, इन सभी बिंदुओं पर पूछताछ जारी है। रकम के वित्तीय स्रोत और अन्य संबंधित तथ्यों की जांच के लिए आयकर विभाग को सूचना भेजी जा रही है।

 

मामले में नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल नकदी के स्रोत और परिवहन के उद्देश्य के संबंध में जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

 

स्रोत: पुलिस कार्यालय, जिला दुर्ग, छत्तीसगढ़।

The Prime News
Author: The Prime News

Advertisements

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
Advertisements
और पढ़ें
error: Content is protected !!