गोवर्धन पूजा पर बगिया कैम्प कार्यालय में विधि-विधान से की पूजा, प्रकृति संरक्षण और गौसेवा को बताया भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग
जशपुर। गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय के साथ जशपुर जिले के बगिया स्थित कैम्प कार्यालय में गौमाता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान मुख्यमंत्री एवं उनकी धर्मपत्नी ने गौमाता को तिलक लगाकर पूजा की और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, खुशहाली एवं निरंतर उन्नति की कामना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गोवर्धन पूजा के धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह पर्व भारतीय परंपरा में प्रकृति और जीव-जंतुओं के प्रति सम्मान तथा कृतज्ञता प्रकट करने का विशेष अवसर है। गोवर्धन पूजा भगवान श्रीकृष्ण की उस लीला की याद दिलाती है, जिसमें उन्होंने प्रकृति, गौवंश और पर्वतों के संरक्षण का संदेश दिया था।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, द्वापर युग में जब इंद्रदेव ने क्रोधित होकर ब्रज में मूसलाधार वर्षा शुरू कर दी थी, तब भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों और उनके पशुधन की रक्षा के लिए अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठा लिया था। सात दिनों तक पर्वत को धारण कर उन्होंने सभी को वर्षा के प्रकोप से सुरक्षित रखा। इसी प्रसंग की स्मृति में गोवर्धन पूजा की परंपरा जुड़ी हुई है।
भारतीय संस्कृति में गौमाता को विशेष पूजनीय स्थान प्राप्त है। ग्रामीण जीवन और कृषि व्यवस्था में गौवंश का योगदान सदियों से महत्वपूर्ण रहा है। खेती-किसानी से लेकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था तक गौवंश की उपयोगिता को देखते हुए गोवर्धन पूजा के अवसर पर गौमाता की पूजा-अर्चना करने की परंपरा निभाई जाती है।
गोवर्धन पूजा का पर्व केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति के संरक्षण, गौसेवा, पर्यावरण संतुलन और अन्न के सम्मान की प्रेरणा भी देता है। यह पर्व मनुष्य को प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर चलने और पशु-पक्षियों सहित सभी जीवों के प्रति संवेदनशील रहने का संदेश देता है।
बगिया कैम्प कार्यालय में आयोजित इस पूजा के माध्यम से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उनकी धर्मपत्नी कौशल्या साय ने प्रदेश की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की मंगलकामना की।




