कोरंगामाल में नए धान खरीदी केंद्र की शुरुआत, 13 गांवों के किसानों को मिलेगी राहत, पहले दिन 106 क्विंटल धान की खरीदी,मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय ने फीता काट कर किया शुभारंभ,
जशपुरनगर। फरसाबहार तहसील क्षेत्र के कोरंगामाल में मंगलवार को नए धान खरीदी केंद्र का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी कौशल्या साय ने फीता काटकर केंद्र का उद्घाटन किया। इस नए केंद्र के शुरू होने से आसपास के 13 गांवों के सैकड़ों किसानों को अब धान बेचने के लिए कोनपारा नहीं जाना पड़ेगा। इससे किसानों को लंबी दूरी तय करने, परिवहन खर्च उठाने और खरीदी केंद्र में घंटों इंतजार करने की समस्या से राहत मिलेगी।
कोनपारा धान खरीदी केंद्र में आसपास के कई गांवों के किसान अपनी उपज बेचने पहुंचते थे। किसानों की संख्या अधिक होने के कारण यहां अक्सर भीड़ और ट्रैक्टरों की लंबी कतारें लग जाती थीं। कई बार किसानों को अपनी बारी के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता था। इस समस्या को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के समक्ष मांग रखी गई थी। किसानों की परेशानी को देखते हुए कोरंगामाल में नया खरीदी केंद्र शुरू करने की पहल की गई। इससे कोनपारा केंद्र पर भी दबाव कम होगा और किसानों को अपने क्षेत्र में ही धान बेचने की सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम में पूर्व संसदीय सचिव भरत साय ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए उनकी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार काम कर रही है। धान खरीदी व्यवस्था को सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने के लिए कई स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी तरह की परेशानी न हो।
वहीं कपिलेश्वर सिंह ने बताया कि कोनपारा केंद्र में अधिक संख्या में किसानों के पहुंचने से अव्यवस्था की स्थिति बनती थी। कई किलोमीटर तक ट्रैक्टरों की कतार लगने से किसानों को काफी समय इंतजार करना पड़ता था। मुख्यमंत्री के संज्ञान में समस्या लाए जाने के बाद कोरंगामाल में नया केंद्र शुरू करने की पहल हुई है। इससे क्षेत्र के किसानों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
मुख्य अतिथि कौशल्या साय ने कहा कि कोरंगामाल में धान खरीदी केंद्र शुरू होने से 13 गांवों के सैकड़ों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। पहले किसानों को धान बेचने के लिए दूर जाना पड़ता था, जिससे समय और परिवहन पर अतिरिक्त खर्च होता था। अब नजदीक में खरीदी केंद्र उपलब्ध होने से उनकी परेशानी कम होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार क्षेत्र के विकास और किसानों के हित में लगातार प्रयास कर रही है। गांवों में सड़कों के डामरीकरण के साथ विद्युत सुविधाओं के विस्तार के लिए भी जगह-जगह सब स्टेशन का निर्माण कराया जा रहा है, ताकि ग्रामीणों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिल सकें।
उद्घाटन के पहले दिन ही हुई धान खरीदी की शुरुआत
नए केंद्र के शुभारंभ के साथ ही धान खरीदी की प्रक्रिया भी शुरू हो गई। पहले दिन दो किसानों ने कुल 106 क्विंटल 80 किलो धान बेचकर खरीदी की शुरुआत की। इनमें शकुंतला पांडेय ने 42 क्विंटल और शिवचरण ने 64 क्विंटल 80 किलो धान बेचा। इस अवसर पर अतिथियों ने दोनों किसानों को फूलमाला पहनाकर और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। इसके बाद समिति के माध्यम से धान खरीदी की प्रक्रिया पूरी की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत पंडित लक्ष्मण सारंगी द्वारा धान तौलने वाले तराजू की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों ने फीता काटकर नए केंद्र का उद्घाटन किया। आयोजन समिति की ओर से अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर पूर्व संसदीय सचिव भरत साय, जिला पंचायत सदस्य दुलारी सिंह, जनपद अध्यक्ष हेमंती साय, उपाध्यक्ष संध्या सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष दिलीप साहू, कपिलेश्वर सिंह, शकुंतला पांडेय, तेजेश्वरी सिंह, विनोद पैकरा, राजकुमार सिंह, वासुदेव नायक, सरपंच गजेंद्र कालों, अविनाश अवस्थी, प्रताप सिंह, सीताराम गुप्ता, शिवा सिंह, मनोज पांडेय, फूलों प्रधान सहित जिला विपणन अधिकारी शंभुनाथ गुप्ता, एसडीएम रूपेंद्र पटेल, तहसीलदार कमलेश कुमार सिदार, मंडी प्रबंधक हरिंदन चौहान, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, किसान और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।




