रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर टिकैतगंज हाउसिंग बोर्ड कालोनी में सिलसिलेवार चोरी, 10 घरों से लाखों के जेवर-नकदी पार,सुरक्षा इंतज़ाम नदारद, सरकारी अधिकारियों-कर्मचारियों की कॉलोनी में मची अफरा-तफरी

Picture of The prime news

The prime news

SHARE:

जशपुरनगर। रक्षा बंधन की पूर्व संध्या पर शहर से लगे टिकैतगंज हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में चोरों ने दुःसाहस का परिचय देते हुए एक ही रात में 10 घरों की कुंडियां काट डालीं और लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण व नकदी चोरी कर फरार हो गए। यह वारदात शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात घटी, जब अधिकांश मकान मालिक अपने पैतृक निवास में त्यौहार मनाने गए हुए थे। घटना से पूरे इलाके में सनसनी और निवासियों में भय का माहौल है।

सरकारी अधिकारियों-कर्मचारियों की कॉलोनी बनी निशाना

 

जानकारी के अनुसार, हाउसिंग बोर्ड द्वारा इस क्षेत्र में 6 ब्लॉकों में सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए आवास बनाए गए हैं। इन मकानों में अधिकांश कर्मचारी अपने परिवार के साथ रहते हैं। रक्षाबंधन के मौके पर शुक्रवार को कई परिवार अपने गांव चले गए थे। इसी अवसर का फायदा उठाकर चोरों ने योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया।

चोरों ने एक-एक कर 10 घरों की कुंडियां कटर से काटीं, अंदर घुसे और आलमारी तोड़कर नकदी व आभूषण निकाल लिए। वारदात में लोहे काटने वाले कटर का इस्तेमाल किया गया। पुलिस के अनुसार, चोर इतने शातिर थे कि उन्होंने टीवी, मोबाइल, लैपटॉप जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को हाथ तक नहीं लगाया। अनुमान है कि पुलिस द्वारा इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को ट्रैक किए जाने की आशंका के कारण चोरों ने केवल नगदी और गहनों को निशाना बनाया।

पीड़ितों का बयान

 

पीड़ित डॉ. शशि भूषण ने बताया कि उनकी पत्नी पहले से मायके में थीं और वे भी प्रतापपुर गए हुए थे। शनिवार सुबह पड़ोसियों ने फोन कर चोरी की सूचना दी। घर पहुंचने पर देखा कि आलमारी तोड़कर लगभग 2 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने चोरी हो चुके हैं।

इसी तरह कृष्णकांत पैंकरा ने बताया कि वे भी परिवार सहित त्यौहार मनाने बाहर गए थे। चोरों ने घर के प्रवेश द्वार की कुंडी और आलमारी तोड़कर नगदी व गहने चुरा लिए।

 

सुरक्षा इंतज़ाम पूरी तरह नदारद

 

कॉलोनीवासियों का कहना है कि यहां सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं है। 6 ब्लॉकों में बने इन सरकारी क्वार्टरों में न तो बाउंड्रीवॉल है, न सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और न ही चौकीदार या गार्ड की तैनाती हुई है। ऐसे में यह कॉलोनी चोरों के लिए आसान निशाना बन गई है। घटना के बाद निवासी अपने और परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

 

पुलिस की कार्रवाई

 

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी आशिष तिवारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस तकनीकी टीम की मदद से सबूत जुटा रही है और मुखबिरों को सक्रिय किया गया है।

 

एएसपी जशपुर अनिल सोनी ने कहा—

मामले की जांच की जा रही है। टेक्निकल टीम और मुखबिरों को सक्रिय किया गया है। जल्द ही आरोपित पुलिस की पकड़ में होंगे।”

The prime news
Author: The prime news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
और पढ़ें
error: Content is protected !!