उड़ीसा से छत्तीसगढ़ लाया जा रहा था गौवंश मांस, पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा, 60 किलो बरामद,आरोपी गिरफ्तार, अल्टो कार जब्त

Picture of The Prime News

The Prime News

SHARE:

जशपुर जिले में गौ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। चौकी कोतबा क्षेत्र में पुलिस ने नाकेबंदी कर एक आरोपी को 60 किलो गौवंश मांस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अल्टो कार भी जब्त कर ली गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

 

 मुखबिर सूचना पर घेराबंदी, संदिग्ध वाहन पकड़ा

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 20 मार्च 2026 की रात करीब 9:10 बजे चौकी कोतबा पुलिस टीम चौकी के सामने मुख्य मार्ग पर नियमित वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि उड़ीसा के ग्राम बनडेगा से एक व्यक्ति अल्टो कार (क्रमांक OR-14-G-3271) में भारी मात्रा में गौवंश मांस लेकर कोतबा होते हुए लैलूंगा (जिला रायगढ़) की ओर जा रहा है।

 

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और मुख्य मार्ग पर नाकेबंदी कर दी। कुछ ही देर बाद संदिग्ध अल्टो कार दिखाई देने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।

 

 तलाशी में मिला 60 किलो मांस

 

वाहन की तलाशी लेने पर ड्राइवर सीट के पास एक बैग में 1-1 किलो के 25 पैकेट और बीच सीट में रखे काले बैग में 35 पैकेट मिले। इस प्रकार कुल 60 पैकेट (लगभग 60 किलो) संदिग्ध मांस बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जीसान हुसैन (24 वर्ष), निवासी ग्राम बनडेगा, थाना तलसरा, जिला सुंदरगढ़ (उड़ीसा) बताया और उक्त मांस को उड़ीसा से लाना स्वीकार किया।

 

 पशु चिकित्सक ने की पुष्टि

 

बरामद मांस को परीक्षण के लिए पशु चिकित्सक के पास भेजा गया, जहां जांच में यह गौवंश का मांस पाया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 के तहत अपराध दर्ज किया।

 

 कार जब्त, आरोपी जेल रवाना

 

पुलिस पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। साथ ही घटना में प्रयुक्त अल्टो कार को भी जब्त कर लिया गया है।

 

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार ने बताया कि

“जशपुर पुलिस द्वारा गौ तस्करी के विरुद्ध ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में कोतबा क्षेत्र में नाकेबंदी कर एक आरोपी को 60 किलो गौवंश मांस के साथ गिरफ्तार किया गया है। अवैध परिवहन में प्रयुक्त वाहन भी जब्त किया गया है। इस प्रकार के अपराधों पर पुलिस की सख्त नजर है और आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।”

The Prime News
Author: The Prime News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
और पढ़ें
error: Content is protected !!