एनईएस कॉलेज में पहली बार चार दिवसीय वित्तीय स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम, 120 विद्यार्थियों ने लिया भाग

Picture of The Prime News

The Prime News

SHARE:

जशपुरनगर। शासकीय शासकीय राम भजन राय एन.ई.एस. स्नातकोत्तर महाविद्यालय जशपुरनगर के वाणिज्य विभाग द्वारा पहली बार चार दिवसीय वित्तीय स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) एवं उच्च शिक्षा विभाग के मध्य हुए एमओयू के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है। 18 से 21 फरवरी तक चलने वाले इस विशेष प्रशिक्षण में बीएफएसआई (बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज एवं इंश्योरेंस) सेक्टर पर आधारित व्यावहारिक एवं करियर उन्मुख विषयों पर मार्गदर्शन दिया जा रहा है।

कार्यक्रम में वाणिज्य विभाग के लगभग 120 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं, बीमा क्षेत्र, निवेश के विकल्प, म्युचुअल फंड के अवसर तथा शेयर बाजार की कार्य प्रणाली की विस्तृत जानकारी प्रदान की जा रही है।

बीएफएसआई सेक्टर में रोजगार की अपार संभावनाएं
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता हरीश पाल, जिन्हें राष्ट्रीय शेयर बाजार (एनएसई) से विशेषज्ञ के रूप में नियुक्त किया गया है, ने विद्यार्थियों को बीएफएसआई सेक्टर में उभरती रोजगार संभावनाओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि बदलती अर्थव्यवस्था में वित्तीय क्षेत्र तेजी से विस्तार कर रहा है और प्रशिक्षित युवाओं के लिए इसमें व्यापक अवसर उपलब्ध हैं।

प्राचार्य ने बताई नई शिक्षा नीति की भूमिका

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अमरेंद्र जी ने अपने उद्बोधन में नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने नेशनल स्टॉक एक्सचेंज और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज की पृष्ठभूमि का उल्लेख करते हुए भारतीय अर्थव्यवस्था में इनके स्थापना काल से लेकर वर्तमान तक के योगदान को विस्तार से समझाया।

उन्होंने विद्यार्थियों को व्यवसाय, उद्यमिता एवं कैरियर निर्माण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां देते हुए आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। साथ ही जशपुर जैसे दूरस्थ आदिवासी अंचल में इस प्रकार के व्यावसायिक कार्यक्रम आयोजित करने के लिए वाणिज्य विभागाध्यक्ष की सराहना की।

स्किल ही बनाएगी भविष्य सुरक्षित

कार्यक्रम का संचालन वाणिज्य विभागाध्यक्ष श्री प्रवीण चन्द्र सतपथी के नेतृत्व में किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह कोर्स नवीन राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अंतर्गत स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम के तहत संचालित किया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि आने वाले समय में केवल नॉलेज नहीं, बल्कि स्किल भी उतनी ही आवश्यक होगी। आपकी स्किल ही आपको दूसरों से बेहतर बनाएगी, इसलिए धैर्य और गंभीरता के साथ इस वर्कशॉप का लाभ लें।

उन्होंने यह भी बताया कि यह प्रशिक्षण स्टॉक मार्केट में कैरियर निर्माण, आयकर प्रणाली की समझ, बैंकिंग प्रैक्टिसेज तथा वित्तीय प्रबंधन के क्षेत्र में उपयोगी सिद्ध होगा और युवाओं के कौशल विकास में सहायक बनेगा।

शिक्षकों और विद्यार्थियों का सक्रिय सहयोग

चार दिवसीय कार्यशाला में अर्थशास्त्र विभाग की डॉ. सरिता निकुंज, वाणिज्य विभाग की अतिथि विद्वान कुमारी शगुफ्ता खातून एवं डॉ. लखेश्वर पटेल की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के सफल संचालन में वाणिज्य परिषद के सदस्य निशा परवीन, खुशी साहू, धर्मेंद्र राम, मुकेश प्रजापति सहित अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा।
बी.कॉम. एवं एम.कॉम. के विभिन्न छात्र-छात्राओं ने भी सक्रिय भागीदारी कर कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस पहल को जशपुर जैसे दूरस्थ क्षेत्र में उच्च शिक्षा के साथ व्यावहारिक कौशल विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुखी शिक्षा प्राप्त करने में नई दिशा मिलेगी।

The Prime News
Author: The Prime News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
और पढ़ें
error: Content is protected !!