दुर्ग। जिले में अवैध शराब की तस्करी पर नकेल कसते हुए नंदिनी नगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने धमधा मार्ग से नंदिनी–खुंदिनी होते हुए दीगर राज्य से अवैध शराब परिवहन की भनक लगते ही घेराबंदी कर चार आरोपियों को धर-दबोचा। उनके कब्जे से 28 पेटी देसी शराब कीमती ₹1,34,400 बरामद की गई। इसके अलावा शराब परिवहन में उपयोग की गई पुरानी टाटा सफारी गाड़ी (कीमत ₹3,00,000), चार स्मार्टफोन (₹25,000) और ₹15,100 नगद भी जब्त किए गए। इस तरह कुल मिलाकर ₹4,74,500 का मसरूका पुलिस ने जब्त किया।
सूत्रों के अनुसार, 29 नवंबर 2025 को थाना नंदिनी नगर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि धमधा मार्ग से नंदिनी–खुंदिनी होते हुए कुछ व्यक्ति पुरानी टाटा सफारी में अवैध शराब की खेप ला रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने तत्काल दबिश दी और संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली। पूछताछ और जांच के दौरान शराब की पेटियां मिलने पर चारों व्यक्तियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे में शराब परिवहन करते पाए जाने पर धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत विधिवत कार्रवाई की गई है। अवैध शराब सप्लाई के इस नेटवर्क की जड़ें तलाशने और आगे की कड़ियां जोड़ने हेतु जांच जारी है।
—
📌 गिरफ्तार आरोपी
क्रमांक नाम उम्र पता
1 नरेश कुर्रे 38 वर्ष ग्राम डूमर, नंदिनी नगर
2 लवकेश उर्फ बबलू 30 वर्ष गिरहोला, नंदिनी नगर
3 आर्यन कुमार लहरे 24 वर्ष ग्राम डूमर, नंदिनी नगर
4 प्रभू बारले 24 वर्ष वार्ड नं. 04, अहिवारा, थाना नंदिनी नगर
—
पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध शराब परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने अभियान जारी रहेगा और ऐसे अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।






