जशपुर में अंधविश्वास की क्रूरता: जादू-टोना के शक में महिला को झोपड़ी में ले जाकर दी दर्दनाक मौत, गुप्तांग में लकड़ी का डंडा डालकर हत्या—पति समेत चार आरोपी गिरफ्तार

Picture of The Prime News

The Prime News

SHARE:

जशपुरनगर। जिले के थाना सन्ना क्षेत्र के ग्राम गट्टी महुवा में जादू-टोना के शक में एक महिला की बेहद क्रूर तरीके से हत्या कर दी गई। आरोप है कि महिला को झोपड़ी में ले जाकर पहले शराब पिलाई गई और फिर उसके गुप्तांग में लकड़ी का डंडा डालकर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में मृतिका के पति समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ थाना सन्ना में बीएनएस की धारा 103(1) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार मृतिका गोईदी बाई (48 वर्ष), पति ठूपन राम, निवासी ग्राम गट्टी महुवा, थाना सन्ना, जिला जशपुर की 6 मार्च 2026 को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली थी। मृतिका के भाई सहलू राम (30 वर्ष) ने थाना सन्ना पहुंचकर सूचना दी कि उसकी बड़ी बहन अपने घर में मृत अवस्था में पड़ी हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।

पोस्टमार्टम में हुआ हत्या का खुलासा

मर्ग जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जहां मृतिका के शरीर और आसपास खून के निशान मिले। साथ ही उसके गुप्तांग में गंभीर चोट के निशान पाए गए। संदेह के आधार पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें डॉक्टरों ने प्रारंभिक रिपोर्ट में बताया कि मृतिका की मौत कठोर व भोंथरे वस्तु से गुप्तांग में गंभीर चोट पहुंचने के कारण हत्या (हॉमिकाइड) होने से हुई है। इसके बाद थाना सन्ना में हत्या का अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

जादू-टोना के शक में रची गई साजिश

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतिका गोईदी बाई और उसकी सौतन फुला बाई के बीच 5 मार्च 2026 की दोपहर करीब 2 बजे किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जो मारपीट तक पहुंच गया। इसके बाद फुला बाई और उसका पति ठूपन राम खेत की ओर चले गए, जहां सुनील राम (23 वर्ष) और उसकी पत्नी सुरन्ती बाई (22 वर्ष) झोपड़ी में बैठे थे।

कुछ देर बाद मृतिका गोईदी बाई भी बर्तन धोने के लिए कुआं की ओर जा रही थी। इसी दौरान आरोपी ठूपन राम उसे बहला-फुसलाकर झोपड़ी में ले गया, जहां चारों आरोपियों ने साथ बैठकर हड़िया पी। इसी दौरान आरोपी सुनील राम ने आरोप लगाया कि उसके घर में बच्चा नहीं होने और उसके पिता को कैंसर होने के पीछे गोईदी बाई द्वारा किए गए जादू-टोना का हाथ है।

चारों ने मिलकर की क्रूर हत्या

इस शक के चलते सुनील राम ने मृतिका के बाल पकड़कर उसे जमीन पर पटक दिया। इसके बाद ठूपन राम और फुला बाई ने मृतिका के हाथ-पैर पकड़कर उसे दबोच लिया। इसी बीच सुरन्ती बाई ने कहा कि उसके बच्चे न होने का कारण भी गोईदी बाई ही है। इसके बाद सुनील राम और सुरन्ती बाई ने मिलकर लकड़ी के डंडे को मृतिका के गुप्तांग में डाल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपियों ने शव को घर लाकर बिस्तर पर रख दिया और ऊपर से कंबल डाल दिया, ताकि घटना छिपाई जा सके।

हत्या में प्रयुक्त डंडा जब्त

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी बरामद कर लिया है। पूछताछ में अपराध स्वीकार करने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में
ठूपन राम (45 वर्ष)
फुला बाई (48 वर्ष)
सुनील राम (23 वर्ष)
सुरन्ती बाई (22 वर्ष)
सभी निवासी ग्राम गट्टी महुवा, थाना सन्ना, जिला जशपुर शामिल हैं।

जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पाटनवार ने बताया कि ग्राम गट्टी महुवा में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में जादू-टोना के शक को लेकर विवाद सामने आया है। आरोपियों ने मिलकर महिला की हत्या की थी। घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी बरामद कर लिया गया है। सभी आरोपियों के विरुद्ध हत्या का अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है तथा मामले की आगे की विवेचना जारी है।

 

The Prime News
Author: The Prime News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
और पढ़ें
error: Content is protected !!