भिलाई: छत्तीसगढ़ में मौसम के बनने और बिखड़ने का खेल लगातार जारी है। बुधवार दोपहर बाद राजधानी सहित भिलाई-दुर्ग में मौसम करवट बदलता नजर आया, हालांकि जिस तरह से बादल घिर रहे थे, उसे देखकर बारिश का अनुमान लगाया जा रहा था, लेकिन हवाओं के रूख बदलने की वजह से बारिश टल गई। पर रात में बूंदाबांदी जरूर हुई थी।
वहीं दुर्ग-भिलाई सहित कई जिलों में तेज हवाओं का सामना लोगों को करना पड़ा था। इसी दौरान एक वीडियो वायरल हुआ है, जो भिलाई स्टील प्लांट के गेट नंबर 1 का है। जहां पर एक भयावह बवंडर नजर आया, जिसे कुछ लोगों ने कैमरे में कैद करने के बाद वायरल कर दिया था। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि उठा बवंडर कितना खतरनाक था। इस बवंडर को देखने से ऐसा लग रहा था, जैसे वह आसमान को छूने की कोशिश कर रहा हो। एक अंदाज के मुताबिक भिलाई स्टील प्लांट के गेट नंबर 1 के सामने उठा यह बवंडर करीब 250 से 300 फीट ऊंचा था।
इस बवंडर को लेकर मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने इसका वीडियो शेयर करते हुए बताया कि यह काफी ज्यादा शक्तिशाली होता है। उठते बवंडर के दौरान कोई वाहन, व्यक्ति या कोई भी हल्की या भारी वस्तु आ जाए, तो इस तरह का बवंडर उसे अपनी आगोश में ले लेता है और अपनी अंतिम ऊंचाई तक खींचकर ले जाने की शक्ति रखता है।
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि गर्मी के दिनों में कुछ जगहों का तापमान काफी बढ़ जाता है। इससे वहां गर्म हवा ऊपर की ओर तेजी से उठती हैं और अपने आसपास की हवा के गैप को भरने लगती हैं। इससे वहां हवा का एक घुमाव शुरू होने लगता है। जहां-जहां गर्म हवा ऊपर उठती हैं उसी तरफ ये घुमाव बढ़ता है। इससे यह एक जगह से दूसरी जगह चलते हुए दिखाई देता है। ये घुमाव एंटी क्लॉक वाइज होता है। इससे नीचे की चीजें ऊपर उठने लगती हैं। इसे हम बवंडर कहते हैं।