40 लाख की संपत्ति फ्रीज होने के बाद भी नहीं सुधरा गांजा तस्कर, फिर लाखों के गांजा लेकर पहुंचा छत्तीसगढ़ ; पुलिस ने दबोचा

Picture of The Prime News

The Prime News

SHARE:

जशपुर। नशे के कारोबार के खिलाफ जशपुर पुलिस का “ऑपरेशन आघात” लगातार असर दिखा रहा है। चार दिनों के भीतर पुलिस ने तीसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए कोतबा क्षेत्र में 72 किलो 340 ग्राम गांजा की खेप पकड़ी है। उड़ीसा की ओर से मारुति स्विफ्ट कार में गांजा लेकर जशपुर पहुंचे आरोपी को पुलिस ने ग्राम जामझोर के पास घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। कार्रवाई में गांजा तस्करी में इस्तेमाल कार और मोबाइल फोन समेत कुल करीब 41 लाख 20 हजार रुपये की जप्ती की गई है।

पुलिस के मुताबिक, चौकी कोतबा पुलिस को करीब 11 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति उड़ीसा की ओर से मारुति स्विफ्ट कार में बड़ी मात्रा में गांजा लेकर जशपुर की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और पुलिस टीम ने संभावित रास्ते पर निगरानी बढ़ाते हुए ग्राम जामझोर के पास घेराबंदी की।

संदिग्ध मारुति स्विफ्ट कार क्रमांक OD-23-E-8034 को रोककर तलाशी ली गई। वाहन से दो बोरियां बरामद हुईं, जिनमें प्लास्टिक टेप से चिपकाकर रखे गए 70 पैकेट मिले। जांच में पैकेटों के अंदर गांजा पाया गया। तौल कराने पर कुल वजन 72 किलो 340 ग्राम निकला।

 

36 लाख का गांजा, कार और मोबाइल भी जब्त

 

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 72.340 किलो गांजा, तस्करी में इस्तेमाल मारुति स्विफ्ट कार और मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 36 लाख रुपये, कार की कीमत करीब 5 लाख रुपये और मोबाइल की कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है। इस तरह कार्रवाई में कुल करीब 41 लाख 20 हजार रुपये की जप्ती हुई है।

 

मामले में गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहित यादव (35), निवासी ग्राम जामझोर, दर्रा पारा, चौकी कोतबा, जिला जशपुर के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ चौकी कोतबा, थाना बागबहार में धारा 20(बी)(ii)(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।

 

पहले भी गांजा तस्करी में पकड़ा जा चुका है रोहित

 

पुलिस के अनुसार, रोहित यादव पहले भी मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त रहा है। चौकी कोतबा में उसके खिलाफ पूर्व में दो मामलों में कार्रवाई हुई थी, जिनमें क्रमशः 20.570 किलो और 13.430 किलो गांजा बरामद किया गया था।

 

इसके अलावा सिटी कोतवाली अंबिकापुर क्षेत्र में भी उसके खिलाफ दो मामलों में कार्रवाई हुई थी। इनमें क्रमशः 23.630 किलो और 82 किलो गांजा बरामद किया गया था।

 

लगातार मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्तता सामने आने के बाद जशपुर पुलिस ने आरोपी की संपत्ति की भी जांच की। पुलिस के मुताबिक, नशे के कारोबार से अर्जित संपत्ति पर सफेमा एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी की कार, बाइक सहित 40 लाख रुपये से अधिक कीमत की संपत्ति पूर्व में फ्रीज कराई जा चुकी है। इसके बावजूद आरोपी दोबारा गांजा तस्करी में सक्रिय पाया गया।

 

चार दिन में 1 टन 145 किलो से ज्यादा गांजा बरामद

 

कोतबा की यह कार्रवाई इसलिए भी अहम है क्योंकि जशपुर पुलिस ने पिछले चार दिनों में नशे के खिलाफ लगातार तीसरी बड़ी कार्रवाई की है। करीब तीन दिन पहले लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर पुलिस ने एक वाहन से 6 क्विंटल 32 किलो 630 ग्राम गांजा बरामद किया था।

 

कोतबा की कार्रवाई को मिलाकर चार दिनों में पुलिस अब तक कुल 1 टन 145 किलो 350 ग्राम गांजा बरामद कर चुकी है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ 72 लाख रुपये बताई गई है। तस्करी में इस्तेमाल तीन वाहन भी जब्त किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये से अधिक है।

 

इन लगातार कार्रवाइयों में गांजा और तस्करी में इस्तेमाल वाहनों समेत पुलिस द्वारा अब तक करीब 6 करोड़ 22 लाख रुपये की जप्ती की जा चुकी है।

 

उड़ीसा-झारखंड से आने वाली तस्करी पर नजर

 

जशपुर पुलिस द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। उड़ीसा और झारखंड की ओर से होने वाली मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए संदिग्ध वाहनों की लगातार जांच की जा रही है। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया है, जिसके आधार पर तस्करी की गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल घेराबंदी और कार्रवाई की जा रही है।

 

एसएसपी ने कहा- नशे के कारोबार को बढ़ावा नहीं देने देंगे

 

एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार को किसी भी स्थिति में बढ़ावा नहीं देने देगी। नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही नशे के कारोबार से अर्जित संपत्ति की भी जांच कर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

 

कार्रवाई में डीएसपी शुभम तिवारी, एसडीओपी पत्थलगांव डॉ. ध्रुवेश जायसवाल, चौकी प्रभारी उप निरीक्षक बृजेश यादव, प्रधान आरक्षक छवि कांत पैंकरा, अजय खेस तथा आरक्षक पुस्तम यादव, दिलीप नाग और प्रवीण खलखो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

The Prime News
Author: The Prime News

Advertisements

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
Advertisements
और पढ़ें
error: Content is protected !!