रायपुर/कवर्धा, 16 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने ग्राम बंदौरा और ठकुराइनटोला में जनसंपर्क के दौरान ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने गांवों की जरूरतों और ग्रामीणों की मांगों पर चर्चा करते हुए कुल 74.80 लाख रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की। वहीं, ग्राम बंदौरा में सड़क की खराब स्थिति की शिकायत मिलने पर उन्होंने तत्काल संबंधित अधिकारी को फोन कर सड़क उखाड़कर दोबारा बनाने के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री का ग्रामीणों के बीच बैठकर सीधे संवाद करने का यह अंदाज जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान देखने को मिला। ग्रामीणों ने गांव में निर्माण कार्यों और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी अपनी मांगें रखीं, जिन पर श्री शर्मा ने आवश्यक पहल करने की बात कही।
कबीर कुटी से लेकर सामाजिक भवन तक के लिए राशि घोषित
ग्राम बंदौरा में उप मुख्यमंत्री ने वार्ड क्रमांक 10 में कबीर कुटी निर्माण के लिए 10 लाख रुपये, सामाजिक भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये और नवधा मंच निर्माण के लिए 3 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा मुक्तिधाम में शेड निर्माण तथा गांव में शेड निर्माण के लिए कुल 18 लाख रुपये की घोषणा की गई।
इसी तरह ग्राम ठकुराइनटोला में 7.80 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क निर्माण, सामाजिक भवन के लिए 10 लाख रुपये और मुक्तिधाम निर्माण के लिए 6 लाख रुपये देने की घोषणा की गई। ग्राम नयापारा पंचायत में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा भी की गई। इन निर्माण कार्यों से ग्रामीणों को सामाजिक, धार्मिक और सामुदायिक गतिविधियों के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
खराब सड़क की शिकायत पर तत्काल दिए निर्देश
ग्राम बंदौरा में ग्रामीणों ने सड़क की खराब स्थिति की समस्या उप मुख्यमंत्री के सामने रखी। शिकायत सुनने के बाद उन्होंने संबंधित अधिकारी से फोन पर बात की और सड़क की गुणवत्ता को लेकर नाराजगी जताते हुए खराब सड़क को उखाड़कर दोबारा बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों की समस्या के निराकरण के लिए तत्काल कार्रवाई करने को कहा।
गांवों के समग्र विकास के लिए सरकार कर रही काम
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार गांवों के समग्र विकास और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, धार्मिक पर्यटन और किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि कवर्धा में मेडिकल कॉलेज प्रारंभ हो चुका है और इसके भवन का निर्माण किया जा रहा है। शहर में यातायात सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए बिलासपुर रोड और रायपुर रोड से शहर में प्रवेश करने वाले मार्गों पर 54 करोड़ रुपये की लागत से फोरलेन सड़क का निर्माण कराया जा रहा है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भोरमदेव मंदिर के विकास के लिए 146 करोड़ रुपये के कार्य किए जा रहे हैं। शिक्षा के क्षेत्र में कवर्धा विधानसभा के 85 हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों में डिजिटल शिक्षा की सुविधा विकसित की जा रही है। इनमें से 50 स्कूलों में डिजिटल बोर्ड लगाए जा चुके हैं, जबकि शेष 35 स्कूलों में भी डिजिटल बोर्ड लगाने की योजना है।
गन्ने का मूल्य 425 रुपये प्रति क्विंटल
किसानों के हितों का उल्लेख करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि राज्य में गन्ने का मूल्य बढ़ाकर 425 रुपये प्रति क्विंटल किया गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि गांव-गांव में महतारी सदन बनाने का काम आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि ग्रामीण महिलाओं को सामुदायिक गतिविधियों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध हो सके। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गांवों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर काम कर रही है।





