जशपुरनगरः भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित लोकतंत्र बचाओ,अराजकता हटाओ पदयात्रा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल होगें। बुधवार की सुबह 11 बजे यह पदयात्रा शहर के रणजीता स्टेडियम से रवाना होगी। भाजपा के जिलाध्यक्ष भरत सिंह ने बताया कि यात्रा रणजीता स्टेडिय से जय स्तंभ चैक,महाराज चैक,बस स्टेण्ड पहुंचेगी। यहां पुरानी टोली होते हुए वापस रणजीता स्टेडियम पहुंच कर आम सभा में तब्दील हो जाएगी। इस आम सभा को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित भाजपा के जनप्रतिनिधि व पदाधिकारी संबोधित करेगें। मंगलवार को इस पदयात्रा को अंतिम रूप देने में भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता जुटे रहे। रणजीता स्टेडियम में टेंट के साथ शहर की सड़कों को बैनर,पोस्टर व झंडों से पाट दिया गया है। भीड़ जुटाने के लिए भाजपा के कार्यकर्ता बीते एक सप्ताह से शहर से लेकर दूर दराज के ग्रामीण अंचल तक संपर्क अभियान में जुटे हुए है। वहीं,पदयात्रा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के शामिल होने को देखते हुए पुलिस प्रशासन,रैली की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने में जुटी हुई है।



