धरसींवा को 27.53 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, 144 गांवों तक पहुंचेगी सेवा संवाद यात्रा

Picture of The prime news

The prime news

SHARE:

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को रायपुर जिले के धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम चरौदा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 27 करोड़ 53 लाख 87 हजार रुपए की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था के विस्तार के साथ ग्रामीण सड़कों, बिजली और बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलेगी। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक मुक्तेश्वर महादेव मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शेड निर्माण और पेवर ब्लॉक लगाने तथा ग्राम चरौदा में नया मंगल भवन बनाने की घोषणा भी की। उन्होंने विधायक अनुज शर्मा के नेतृत्व में धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के सभी 144 गांवों तक पहुंचने वाली सेवा संवाद यात्रा का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में पूर्व सांसद रणविजय सिंह जूदेव सहित जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गांवों का विकास और किसानों की खुशहाली सरकार की प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर है। धरसींवा क्षेत्र में 27 करोड़ रुपए से अधिक के कार्यों की शुरुआत इसी सोच का हिस्सा है। इन परियोजनाओं से किसानों को सिंचाई के बेहतर साधन मिलेंगे, ग्रामीण इलाकों में सड़कों का विस्तार होगा और बिजली सहित जरूरी सुविधाओं की स्थिति बेहतर बनेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के संकल्प के साथ काम कर रही हैं। शासन की योजनाओं और विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार का लक्ष्य है।

साय ने कहा कि प्रदेश सरकार ने मोदी की गारंटी को पूरा करने और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के उद्देश्य से काम शुरू किया है। पहली ही कैबिनेट बैठक में प्रदेश के 18 लाख परिवारों को प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत करने का निर्णय लिया गया था। गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने के साथ किसानों, महिलाओं, युवाओं और जरूरतमंदों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए योजनाओं के माध्यम से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने नक्सलवाद के विरुद्ध मिली सफलताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ को नक्सलवाद से मुक्त करने की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। बस्तर के ऐसे दूरस्थ इलाकों में भी अब सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और आवास जैसी सुविधाएं पहुंच रही हैं, जहां पहले विकास कार्य कराना कठिन था। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के प्रत्येक गांव और क्षेत्र तक विकास पहुंचे और सभी नागरिकों को आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें।

विधायक अनुज शर्मा के नेतृत्व में शुरू की गई सेवा संवाद यात्रा की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का गांवों तक पहुंचकर लोगों की जरूरतों और समस्याओं को समझना जरूरी है। चरौदा से शुरू हुई यह यात्रा धरसींवा के सभी 144 गांवों में जाएगी। इस दौरान ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और पात्र हितग्राहियों को उनका लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा। मुख्यमंत्री के अनुसार योजनाओं की सार्थकता तभी है, जब उनका लाभ वास्तव में जरूरतमंदों तक पहुंचे।

विधायक अनुज शर्मा की मांग पर मुख्यमंत्री ने चरौदा के लिए दो घोषणाएं कीं। ऐतिहासिक मुक्तेश्वर महादेव मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शेड और पेवर ब्लॉक का काम कराया जाएगा। इसके अलावा गांव में नया मंगल भवन बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुक्तेश्वर महादेव मंदिर क्षेत्र की आस्था और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थल है। वहां सुविधाएं बढ़ने से श्रद्धालुओं को सहूलियत होगी, जबकि मंगल भवन ग्रामीणों के सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक आयोजनों के लिए उपयोगी होगा।

कार्यक्रम में जल संसाधन विभाग के अंतर्गत 9 करोड़ 87 लाख 48 हजार रुपए और जल संसाधन विभाग, तिल्दा के अंतर्गत 4 करोड़ 10 लाख 17 हजार रुपए की लागत वाले कार्यों का भूमिपूजन किया गया। सिंचाई से जुड़े इन कार्यों पर कुल 13 करोड़ 97 लाख 65 हजार रुपए खर्च होंगे। इनके पूरा होने से क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा और किसानों को खेती के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे।

लोक निर्माण विभाग के 4 करोड़ 56 लाख 86 हजार रुपए के कार्यों की भी शुरुआत की गई। इनसे ग्रामीण सड़कों और आवागमन की सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के तहत 2 करोड़ 20 लाख 19 हजार रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन हुआ। इन परियोजनाओं से गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ महिला सशक्तिकरण और कौशल विकास से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

इसके अलावा छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) के अंतर्गत 6 करोड़ 79 लाख 17 हजार रुपए की लागत के विद्युत विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इनसे क्षेत्र की बिजली संबंधी अधोसंरचना मजबूत होगी और ग्रामीणों तथा किसानों को बेहतर विद्युत सुविधाएं मिल सकेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। सिंचाई, सड़क, बिजली और सामुदायिक सुविधाओं में सुधार से लोगों का जीवन आसान होगा और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि भूमिपूजन किए गए कार्यों और घोषित नई सुविधाओं से धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।

The prime news
Author: The prime news

Advertisements

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
Advertisements
और पढ़ें
error: Content is protected !!