*चार गांवों में 1.20 करोड़ रुपये की लागत से बनेंगे महतारी सदन, महिलाओं को मिलेगा सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण का अवसर*
*सड़क, पुलिया और सामुदायिक भवनों के निर्माण से ग्रामीणों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं*
*गांवों के विकास और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही सरकार : मुख्यमंत्री श्री साय*
रायपुर / मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड अंतर्गत ग्राम पमशाला में 1 करोड़ 97 लाख 56 हजार रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें महतारी सदन, सामुदायिक भवन, सड़क और पुलिया निर्माण के कार्य शामिल हैं। इन विकास कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होने के साथ ही महिलाओं के सशक्तिकरण और सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर ग्राम गंझियाडीह, उपरकछार, सिकिरमा और अंबाकछार में 30-30 लाख रुपये की लागत से बनने वाले चार महतारी सदनों का भूमिपूजन किया। कुल 1 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाले ये महतारी सदन ग्रामीण महिलाओं के लिए सामाजिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र बनेंगे। यहां महिलाओं को एक साथ बैठकर विभिन्न गतिविधियों के संचालन, आपसी संवाद और स्वरोजगार से जुड़ी पहल को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने ग्राम तुबा, सिकिरमा, धौरासांड और मेंडरबहार में 13 लाख 27 हजार रुपये प्रति भवन की लागत से बनने वाले चार सामुदायिक भवनों का भी भूमिपूजन किया। इन भवनों के निर्माण से ग्रामीणों को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक आयोजनों के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने ग्राम पमशाला के बेराटोली में भजनो घर के पास 10 लाख रुपये की लागत से बनने वाली पुलिया का भूमिपूजन किया। उन्होंने पमशाला में मुख्य मार्ग से मंदिर तक 14 लाख 48 हजार रुपये की लागत से निर्मित सीसी सड़क का लोकार्पण भी किया। सड़क और पुलिया के निर्माण से स्थानीय नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि गांवों का विकास ही प्रदेश की समृद्धि का आधार है। हमारी सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं का निरंतर विस्तार हो तथा विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि गांवों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि ग्रामीणों का जीवन अधिक सहज और सुविधाजनक बन सके।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण हमारी सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान करने के साथ ही अब महतारी सदनों के जरिए उन्हें सामाजिक और सामुदायिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि महतारी सदन केवल भवन नहीं, बल्कि गांव की माताओं-बहनों के लिए आगे बढ़ने, अपनी प्रतिभा निखारने और आत्मनिर्भर बनने के नए अवसरों के केंद्र होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ग्रामीण क्षेत्रों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। सड़क, पुलिया और सामुदायिक भवन जैसी सुविधाएं गांवों के दैनिक जीवन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन विकास कार्यों से क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और गांवों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर पूर्व राज्यसभा सांसद श्री रणविजय सिंह जूदेव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, पूर्व विधायक श्री भरत साय, नगर पालिका जशपुर के उपाध्यक्ष श्री यश प्रताप सिंह जूदेव, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार सहित जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
Author: The Prime News
Share this:
- Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp
- Share on Telegram (Opens in new window) Telegram
- Share on X (Opens in new window) X
- More
- Share on Facebook (Opens in new window) Facebook
- Share on LinkedIn (Opens in new window) LinkedIn
- Share on Tumblr (Opens in new window) Tumblr
- Share on Threads (Opens in new window) Threads
- Share on Nextdoor (Opens in new window) Nextdoor
- Share on Mastodon (Opens in new window) Mastodon
- Share on Pinterest (Opens in new window) Pinterest
- Share on Reddit (Opens in new window) Reddit
- Print (Opens in new window) Print



