रायपुर, द प्राइम न्यूज नेटवर्क। जीवन बीमा कम्पनी के हेल्प लाइन नम्बर से सम्पर्क करना एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया। शातिर ठगों ने खाते से 34 हजार रुपए उड़ा लिए। मामला कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र का है। यहां के साडा कालोनी निवासी जितेंद्र कुमार जायसवाल ने पुलिस को दिए गए तहरीर में बताया है कि उन्होंने एलआईसी पालिसी का तीन माह का किश्त फोन पे एप के माध्यम से आन लाइन जमा किया था। लेकिन चेक करने पर,उनके एकाउंट में यह राशि जमा नहीं दिखा रहा था। इसलिए उन्होंने एलआईसी के टोल फ्री हेल्प लाइन नम्बर पर काल किया। शिकायत किए जाने पर काल रिसीव करने वाले ने सीनियर मैनेजर द्वारा बात कराने का आश्वाशन दिया गया। कुछ देर में पीड़ित के मोबाइल पर एक दूसरे मोबाइल नम्बर से काल आया और स्वयं को कॉलर ने एलआईसी का अधिकारी बताते हुए,किश्त की जमा राशि वापस करने का झांसा देते हुए फोन पे एप खुलवा लिया। शातिर ने पीड़ित से पहले मोबाइल नम्बर के अंतिम पांच अंक और फिर अंतिम चार अंक के साथ शून्य डालने को कहा। इतनी प्रक्रिया करते ही खाते से 34610 रुपए गायब हो गए। जितेंद्र कुमार जायसवाल की रिपोर्ट पर दर्री पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 420 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।




