रायपुर में हॉकी लीग के मुकाबलों में दिखा रोमांच, न्यायधानी नाइट्स ने संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 5-3 से हराया; उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित
रायपुर, छत्तीसगढ़ हॉकी लीग 2026 में रोमांचक मुकाबलों का सिलसिला जारी है। लीग के पांचवें मैच में न्यायधानी नाइट्स ने संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 5-3 से हराकर टूर्नामेंट में अपनी दूसरी जीत दर्ज की। वहीं, चक्रधर चैंपियंस ने राजधानी रॉयल्स को 4-3 से शिकस्त देकर सेमीफाइनल में जगह बनाने की अपनी दावेदारी मजबूत कर ली। लगातार दूसरे दिन मुकाबला देखने पहुंचे छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने मैच के बाद आयोजित प्रेजेंटेशन सेरेमनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।
न्यायधानी नाइट्स ने 5-3 से जीता मुकाबला
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पांचवें मुकाबले में न्यायधानी नाइट्स और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। शुरुआत में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने बढ़त बनाई, लेकिन बाद में न्यायधानी नाइट्स ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए मैच अपने नाम कर लिया।
संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को शुरुआती दौर में दो पेनाल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन टीम इन मौकों को गोल में नहीं बदल सकी। इसके बाद जीतू हेमला के पास पर ओम कुमार यादव ने गेंद को डिफ्लेक्ट कर गोल दागा और संस्कारधानी को 1-0 से आगे कर दिया।
दूसरे क्वार्टर में न्यायधानी नाइट्स की शानदार वापसी
दूसरे क्वार्टर में न्यायधानी नाइट्स ने मैच में वापसी करते हुए लगातार गोल किए। सुखवेद निर्मलकर ने फील्ड गोल कर स्कोर बराबर किया। इसके बाद शादाब अहमद खान ने गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। कुछ ही देर बाद चिराग ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर न्यायधानी की बढ़त 3-1 कर दी।
पहले हाफ में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने कई मौकों पर दबाव बनाया, लेकिन गोल करने में नाकाम रहने के कारण टीम पिछड़ गई।
आशीष तानी पूर्ति ने किए दो गोल
तीसरे क्वार्टर में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने वापसी की कोशिश की। आशीष तानी पूर्ति ने पेनाल्टी स्ट्रोक पर गोल कर स्कोर का अंतर कम किया। हालांकि, न्यायधानी नाइट्स के चिराग ने पेनाल्टी कॉर्नर से एक और गोल कर अपनी टीम की बढ़त फिर दो गोल की कर दी।
अंतिम क्वार्टर में आशीष तानी पूर्ति ने पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल दागकर संस्कारधानी की उम्मीदें कायम रखीं। इसके बावजूद टीम बराबरी नहीं कर सकी। मैच के अंतिम चरण में सोनू ने न्यायधानी नाइट्स के लिए पांचवां गोल किया। इस तरह न्यायधानी नाइट्स ने 5-3 से जीत हासिल की।
मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए आशीष तानी पूर्ति को ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ और चिराग को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार दिया गया।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव लगातार दूसरे दिन हॉकी लीग का मुकाबला देखने पहुंचे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में स्टार खिलाड़ियों को सम्मानित किया। लीग में उनकी उपस्थिति से खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के साथ खेल गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिला।
चक्रधर चैंपियंस ने राजधानी रॉयल्स को हराया
दिन के पहले मुकाबले में चक्रधर चैंपियंस ने राजधानी रॉयल्स को 4-3 से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ टीम ने छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी संभावनाओं को मजबूत किया है।
चक्रधर चैंपियंस के परमप्रीत सिंह ने पेनाल्टी कॉर्नर के जरिए दो गोल किए और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। दूसरी ओर, राजधानी रॉयल्स को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा। सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए राजधानी रॉयल्स को अपने बाकी मुकाबलों में जीत हासिल करनी होगी।
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में रविवार को दो मैच
लीग के अगले दिन रविवार को दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच शाम 5:30 बजे न्यायधानी नाइट्स और बैलाडीला बुल्स के बीच होगा। वहीं, शाम 7:30 बजे राजधानी रॉयल्स का मुकाबला मैनपाट टाइटन्स से होगा।
इन मुकाबलों पर हॉकी प्रेमियों की नजर रहेगी, क्योंकि इनके नतीजे लीग में टीमों की स्थिति और सेमीफाइनल की दौड़ को प्रभावित कर सकते हैं।




