जशपुर नगर,द प्राइम न्यूज नेटवर्क। दमाद के हमले में घायल हुए ससुर की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस ने आरोपित दमाद के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर लिया है। मामला बगीचा थाना क्षेत्र का है। प्रार्थिया केसरी बाई ने बताया कि उसकी बेटी का विवाह पोस्कट निवासी हरियर कोरवा से हुआ है। उसकी बेटी राजकुमारी दीपावली मनाने के लिए मायके लमदरहा आई हुई थी। घटना दिनांक 17 नवंबर को आारोपित हरियर कोरवा बेटी को विदा कराने के लिए लमदरहा आया हुआ था। बेटी को विदा करने से पहले मृतक असारू कोरवा ने आरोपित दमाद से बेटी के साथ मारपीट किए जाने को लेकर नाराजगी व्यक्त करते हुए,सफाई मांगी। इस बात को लेकर आरोपित और मृतक के बीच काफी विवाद हुआ। विवाद के बाद मृतक,बेटी और दो नातिन को लेकर मामले की शिकायत करने के लिए पंड्रापाठ चौकी जाने लगा। आरोपित हरियर कोरवा ने ससुर को रोकने का प्रयास किया।लेकिन वह नहीं माना। पोस्कट से तकरीबन 1 किलोमीटर आगे ग्राम सेंधवार के पास आरोपित हरियर ने अपने ससुर का रास्ता रोक लिया और रिपोर्ट करने से मना करने लगा। ससुर के ना मानने पर,उत्तेजित हो कर हरियर ने असारू को जोर से धक्का दे दिया,जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा। इससे असारू के सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट आई और वह बेहोश हो गया। घायल असारू को इलाज के लिए बगीचा अस्पताल लाया गया। यहां इलाज के दौरान घायल की स्थिति बिगड़ने पर चिकित्सकों ने असारू को इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर कर दिया। अंबिकापुर ले जाने के क्रम में 18 नवंबर को असारू की मौत हो गई। रिपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए बगीचा पुलिस ने आरोपित हरियर कोरवा के खिलाफ धारा 302 के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर लिया है।




