दुर्ग जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना उतई पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली दवाओं की सप्लाई और बिक्री में लिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई में एक मेडिकल स्टोर संचालक भी शामिल है, जो बिना डॉक्टर की पर्ची के मुनाफे के लालच में प्रतिबंधित दवाएं बेच रहा था।
दिनांक 22 मई 2025 को थाना उतई पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम सेलूद-पाटन मार्ग पर मानिकचौरी मोड़ के पास दो युवक नशीली दवाओं की बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक विपिन रंगारी के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। गवाहों की मौजूदगी में टीम ने मौके पर रेड कार्यवाही कर एक्टीवा वाहन क्रमांक CG 10 BC 6508 पर सवार दो युवकों को पकड़ने में सफलता पाई।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान कृष्णा यादव (21) निवासी बठेना थाना पाटन और अजय यादव (21) निवासी घुघवा थाना पाटन के रूप में हुई। तलाशी के दौरान कृष्णा यादव के कब्जे से 960 कैप्सूल proxiohm-spas, 30 टैबलेट alprazolam 0.5 mg, 300 रुपये नगद, मोबाइल और वाहन बरामद किया गया। अजय यादव के पास से 240 कैप्सूल, 38 alprazolam टैबलेट, 500 रुपये और मोबाइल जब्त किया गया।
पुछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्हें ये प्रतिबंधित दवाएं मनोज डोंगरे नामक व्यक्ति द्वारा पाटन में सप्लाई की जाती हैं। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए मनोज डोंगरे (27), निवासी रामनगर राजनांदगांव को हिरासत में लिया, जिसने सिन्हा मेडिकल स्टोर्स, पाटन से दवाएं खरीदकर युवकों को बेचने की बात स्वीकार की।
इसके बाद ड्रग इंस्पेक्टर जागेश्वरी साहू की उपस्थिति में मेडिकल स्टोर सिन्हा मेडिकल स्टोर्स पर छापा मारा गया। मेडिकल संचालक गोवर्धन सिन्हा (45), निवासी केसरा थाना रानीतराई ने बिना डॉक्टर की पर्ची के दवाएं बेचने की बात कबूल की। यहां से 300 नग alprazolam टैबलेट और ₹2000 नगद जब्त किए गए।
इस कार्रवाई में कुल मिलाकर 79,499 रुपये मूल्य की नशीली दवाएं जब्त की गईं। चारों आरोपियों के विरुद्ध धारा 8, 22(क), 27(क) एनडीपीएस एक्ट 1985 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी:
1. कृष्णा यादव (21), बठेना, थाना पाटन
2. अजय यादव (21), घुघवा, थाना पाटन
3. मनोज डोंगरे (27), रामनगर, राजनांदगांव (हाल पाटन)
4. गोवर्धन सिन्हा (45), केसरा, थाना रानीतराई (हाल सिन्हा मेडिकल, पाटन)
सक्रिय भूमिका निभाने वाले अधिकारी:
निरीक्षक विपिन रंगारी, ड्रग इंस्पेक्टर जागेश्वरी साहू, उपनिरीक्षक कमल सिंह सेंगर, सउनि नेमन सिंह साहू, प्रधान आरक्षक महेश देवांगन, कौशल साहू, आरक्षक दुष्यंत लहरे, राजीव दुबे, ध्रुव नारायण, सुरेन्द्र चौहान, मुकेश यादव, मनोज सिन्हा एवं कमल साहू।
— THE PRIME NEWS 24




