सूरजपुर। पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने एक आरक्षक को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई 20 मई को थाना ओड़गी के आकस्मिक निरीक्षण के दौरान की गई।
निरीक्षण के दौरान रात्रिकालीन थाना पहरा व आर.एम. ड्यूटी में तैनात आरक्षक हृदय लाल राजवाड़े को ड्यूटी के समय नशे की हालत में पाया गया। एसएसपी ठाकुर ने इस कृत्य को ड्यूटी के प्रति घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता और स्वेच्छाचारिता मानते हुए आरक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र सूरजपुर में संबद्ध कर दिया है।
इस मामले की प्रारंभिक जांच की जिम्मेदारी थाना प्रभारी ओड़गी को सौंपी गई है। पुलिस विभाग ने स्पष्ट संकेत दिया है कि ड्यूटी में लापरवाही या अनुशासनहीनता को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।




