दुर्ग। क्रिकेट सट्टे के जाल में एक युवक को फंसाकर अपहरण करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए वैशाली नगर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। अपहृत युवक रजत शाह को झारखंड के बोकारो जिले से सकुशल बरामद किया गया है। आरोपियों ने युवक के परिजनों से 5 लाख रुपये की फिरौती की मांग की थी।
प्रकरण के अनुसार, वैशाली नगर निवासी प्रहलाद शाह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके भतीजे रजत शाह का अपहरण कर फिरौती की मांग की जा रही है। इस पर थाना वैशाली नगर में अपराध क्रमांक 139/2025 धारा 351(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए धारा 140(ए), 61(2) बीएनएस को भी प्रकरण में जोड़ा।
बोकारो से हुआ अपहरणकर्ताओं का सुराग
तकनीकी सहायता के माध्यम से पुलिस को अपहरणकर्ताओं की लोकेशन बोकारो, झारखंड में मिली। इसके बाद वैशाली नगर थाना पुलिस एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम तत्काल रवाना की गई। जांच के दौरान संदेही राहुल पासवान को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि राहुल, सिमरन कौर तथा अन्य साथियों के साथ मिलकर रजत शाह को ड्रीम इलेवन में ऑपरेटर की नौकरी का झांसा देकर झारखंड लाया गया था। बाद में रजत को जब यह पता चला कि यह अवैध क्रिकेट सट्टे का अड्डा है, तो उसने काम करने से इनकार कर दिया।
क्रिकेट सट्टे में घाटे के बाद फिरौती की साजिश
सट्टे में हुए 5 लाख रुपये के नुकसान की भरपाई के लिए आरोपियों ने रजत शाह को बंधक बना लिया और परिजनों से वाट्सएप कॉल के जरिए फिरौती की मांग करने लगे। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी रजत से मारपीट भी कर रहे थे। पुलिस टीम ने पतरातू स्टेशन में घेराबंदी कर रजत शाह को मुक्त कराया और आरोपी सिमरन को गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपी फरार हो गए हैं जिनकी तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
1. सिमरन कौर (उम्र 21 वर्ष), निवासी मदर टेरेसा नगर, भिलाई
2. राहुल पासवान (उम्र 24 वर्ष), निवासी बोकारो, झारखंड
पुलिस का सराहनीय कार्य
इस पूरे अभियान में वैशाली नगर थाना पुलिस और एसीसीयू टीम की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस ने यह भी बताया कि सिमरन का संपर्क भिलाई के कई सटोरियों से है और वह लंबे समय से सट्टे के अवैध कारोबार में संलिप्त है।
पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले में आगे की विवेचना जारी है।




