THE PRIME NEWS
जिला दुर्ग के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विजय अग्रवाल (भा.पु.से.) ने आज पुलिस नियंत्रण कक्ष भिलाई में एक महत्वपूर्ण क्राइम मीटिंग आयोजित कर जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों के साथ कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण को लेकर गहन समीक्षा की।
इस बैठक में सभी थाना/चौकी प्रभारियों की उपस्थिति रही, जहां एक वर्ष से अधिक समय से लंबित अपराधों एवं चालानों के शीघ्र निराकरण के निर्देश एसएसपी द्वारा दिए गए। उन्होंने सभी रजिस्ट्ररों को अद्यतन करने और बाउण्ड ओव्हर की प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
बैठक में अपराधियों पर नियंत्रण के लिए निगरानी बदमाशों और गुंडा तत्वों की सतत जांच पर जोर दिया गया। साथ ही एसएसपी ने यह भी निर्देशित किया कि पुराने निष्क्रिय गुंडों की फाइलें बंद की जाएं और नवीन गुंडा बदमाशों को चिन्हित कर उनकी फाइलें खोली जाएं।
इसके अतिरिक्त, आगामी 1 जून से 30 जून 2025 तक चलने वाले “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान के संबंध में भी निर्देश जारी किए गए। इस दौरान जिले में गुमशुदा बालक/बालिकाओं की अधिकतम दस्तयाबी सुनिश्चित करने के लिए सभी थाना प्रभारियों को सक्रिय प्रयास करने को कहा गया।
एसएसपी विजय अग्रवाल ने बैठक के समापन पर सभी अधिकारियों को क्षेत्रीय अपराधों की सतत निगरानी और त्वरित कार्रवाई के लिए तैयार रहने का संदेश दिया, जिससे जनता में पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना को और अधिक मजबूत किया जा सके।




