दुर्ग, 23 मई। छोटे व्यवसाय और लघु उद्योग शुरू करने के नाम पर महिलाओं को झांसा देकर 20 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाली महिला को सुपेला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला मंजू सोनी, कृष्णा नगर सुपेला की निवासी है, जो खुद को मार्केटिंग एजेंट बताकर महिलाओं को स्मॉल फाइनेंस योजनाओं का लालच देती थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया माया सोनी ने थाना सुपेला में शिकायत दर्ज कराई थी कि मंजू सोनी ने शासन की महिला सशक्तिकरण योजनाओं का नाम लेकर ग्राम शक्ति बैंक, बंधन बैंक, सुर्योदय बैंक, आशीर्वाद बैंक, ईशाक बैंक, सुभ्रा बैंक और सत्सा बैंक जैसे स्मॉल फाइनेंस बैंकों से अलग-अलग महिला समूहों के नाम पर लोन स्वीकृत करवाया।
आरोपी महिला समूह की गरीब महिलाओं के बैंक खातों में आई लोन राशि में से लगभग 80 प्रतिशत रकम नगद निकलवाकर खुद रख लेती थी और शुरुआती कुछ महीनों तक संयुक्त रूप से किस्त का भुगतान करती थी। इसी तरह, वह लगातार नए समूह बनवाकर उसी प्रक्रिया को दोहराती रही। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने अब तक करीब 20 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है।
थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 603/2025, धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आरोपी के विरुद्ध जांच शुरू की गई। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने विभिन्न ग्रुपों के नाम पर महिलाओं को लोन दिलवाया और उस रकम से एक स्कूटी (सीजी सीएच 8547) खरीदी, साथ ही कृष्णा नगर स्थित मकान का सौदा कर अन्य संपत्तियां खरीदने की योजना बना रही थी।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।




