जशपुर जिले के लोदाम थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-43 (NH-43) पर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में स्कूटी सवार दो युवकों को अज्ञात तेज़ रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसका इलाज लोदाम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।
घटना शुक्रवार रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। दोनों युवक स्कूटी से लोदाम की ओर से अपने गांव लौट रहे थे, तभी ग्राम धोटाटोली स्थित जायसवाल ढाबा के पास यह हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अज्ञात वाहन ने स्कूटी को इतनी तेज़ टक्कर मारी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे।
मृतक युवक की पहचान राहुल केरकेट्टा के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक का नाम अमन केरकेट्टा बताया गया है। दोनों युवक झारखंड राज्य के गढ़वा ज़िले स्थित मेराल गांव के निवासी हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल लोदाम स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
लोदाम पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।




