जशपुरनगर। नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। थाना तुमला पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में गांजा तस्करी कर रहे तीन आरोपियों और अवैध अंग्रेजी शराब रखने वाले एक आरोपी को धर दबोचा है। गांजा तस्करों के कब्जे से 05 किलोग्राम मादक पदार्थ जबकि शराब मामले में 08 लीटर से अधिक अंग्रेजी शराब जब्त की गई है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
गांजा तस्करी: मोटर साइकल में ले जा रहे थे 5 किलो गांजा
19 जुलाई को थाना तुमला पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन व्यक्ति एक सफेद रंग की TVS अपाचे मोटरसाइकल (क्रमांक OD-15Z-8184) से गांजा लेकर ग्राम सरईटोली की ओर जा रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस टीम ने सरईटोली तुमला मोड़ के पास घेराबंदी की। कुछ देर बाद संदिग्ध वाहन आते दिखाई दिया, जिसे पुलिस ने रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान दो थैलों में भूरे रंग की प्लास्टिक टेप में लिपटे कुल 5 पैकेट में 5 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
1. कुनाल सेठ (28 वर्ष), ग्राम गोयलो, थाना तलसरा, जिला सुंदरगढ़ (उड़ीसा)
2. ईशांत नायक (18 वर्ष), थाना तलसरा, जिला सुंदरगढ़ (उड़ीसा)
3. नीलम लकड़ा (36 वर्ष), ग्राम मेंडेर, जिला जशपुर (छत्तीसगढ़)
तीनों आरोपियों ने पूछताछ में कबूल किया कि वे उड़ीसा से गांजा लाकर बिक्री के लिए सरईटोली ले जा रहे थे। पुलिस ने गांजा और तस्करी में प्रयुक्त वाहन जब्त कर, आरोपियों के खिलाफ 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जेल भेजा।
—
अवैध अंग्रेजी शराब: बाड़ी में छिपाकर रखी थी 46 पौवों की खेप
एक अन्य कार्रवाई में थाना तुमला पुलिस को 18 जुलाई को सूचना मिली कि ग्राम गांझियाडीह निवासी दिलीप साहू (32 वर्ष) ने अपने घर के बाड़ी में बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब छिपाकर रखी है। सूचना पर पुलिस ने तत्काल छापेमारी की, जहां दो लेडीज बैग में छिपाकर रखे गए 46 नग अंग्रेजी शराब के पौवे (गोवा और लीजेंड ब्रांड) बरामद किए गए। कुल मात्रा 8 लीटर 280 मिलीलीटर रही जिसकी बाजार कीमत करीब ₹5800 आंकी गई। दिलीप साहू वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिससे स्पष्ट हुआ कि वह शराब की अवैध बिक्री करता था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना तुमला में 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर, उसे भी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
—
कार्रवाई में पुलिस टीम की अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कोमल सिंह नेताम, एएसआई मानेश्वर साहनी, प्रधान आरक्षक फ्रांसिस बेक, आरक्षक बलराम साय, महिला आरक्षक बीरजीनिया टोप्पो व नगर सैनिक वेणु धर बारीक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
—
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि –ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर पुलिस लगातार नशे के सौदागरों के विरुद्ध कार्यवाही कर रही है। तुमला क्षेत्र से गांजा तस्करी व अवैध शराब के दो मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। भविष्य में भी यह अभियान और सघनता से जारी रहेगा।”




