जशपुर। जिले में महिलाओं के साथ विश्वासघात और शोषण के दो गंभीर मामले सामने आए हैं। शादी का झांसा देकर दो युवकों ने युवतियों का शारीरिक शोषण किया, लेकिन पीड़िताओं की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
—
मामला-1 : मेहमान बनाकर बुलाया और किया शोषण
थाना नारायणपुर क्षेत्र की 18 वर्षीय युवती रक्षा बंधन पर अपनी फुआ के घर आई थी। इसी दौरान वह फुआ के साथ चौकी दोकड़ा क्षेत्र के शिवा चौहान (22 वर्ष) के घर मेहमान के रूप में गई।
9 अगस्त को रात में सोते समय आरोपी ने प्रेम और विवाह का झांसा देकर जबरन दुष्कर्म किया। दो दिनों तक युवती को अपने घर पर कैद जैसा रखकर किसी से मिलने या बात करने नहीं दिया। मौका पाकर पीड़िता ने अपने माता-पिता को सूचना दी। जब वे बेटी को लेने पहुंचे तो आरोपी ने उनसे भी झगड़ा किया।
पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपी शिवा चौहान को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
—
मामला-2 : पढ़ाई के दौरान हुई पहचान, बना लिया शोषण का साधन
दूसरी घटना थाना दुलदुला क्षेत्र की है। रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2021 में पढ़ाई के दौरान पीड़िता की पहचान राम प्रसाद सिंह (21 वर्ष) से हुई। वर्ष 2022 में आरोपी ने उसे गांव बुलाकर दोस्त के घर में शादी का झांसा देते हुए दुष्कर्म किया।
इसके बाद लगातार अलग-अलग जगह बुलाकर शारीरिक शोषण करता रहा। इस दौरान युवती गर्भवती हो गई और उसने एक बच्चे को जन्म दिया। लेकिन अब आरोपी शादी से साफ मुकर गया।
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
—
पुलिस की सख्त कार्रवाई
जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि “महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों को लेकर जशपुर पुलिस बेहद संवेदनशील है। शादी का झांसा देकर युवतियों का शोषण करने वाले दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। इस तरह के अपराध में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।”




