भिलाईनगर (दुर्ग)। एशिया कप के भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टेबाजी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए भिलाईनगर थाना पुलिस व एसीसीयू की संयुक्त टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों से 32,500 रुपये नगद, लाखों रुपये के हिसाब-किताब से भरे मोबाइल फोन और सट्टेबाजी में प्रयुक्त 4 मोबाइल फोन कुल कीमत लगभग 2.50 लाख रुपये जब्त किए गए हैं।
स्टेडियम परिसर से दबोचे गए आरोपी
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जयंती स्टेडियम सिविक सेंटर क्षेत्र में चार युवक मोबाइल एप के जरिये क्रिकेट सट्टेबाजी में जुटे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी और मौके से आरोपियों को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम बताए –
1. अनिल सिंह साही उर्फ झमरू (32 वर्ष) निवासी रूआंबांधा बस्ती, जयस्तंभ चौक, भिलाई
2. मयंक गावड़े (32 वर्ष) निवासी सेक्टर-05, सड़क 26, क्वार्टर 05ए, भिलाई
3. सत्यम साहू (24 वर्ष) निवासी मकान नंबर 49एफ, रिसाली सेक्टर, थाना नेवई
4. निखिल साहू (22 वर्ष) निवासी रूआंबांधा, यादव चौक, संदीप किराना स्टोर के पीछे, भिलाई नगर
विशेष एप्लीकेशन से संचालित हो रहा था सट्टा
पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया कि वे uncle.Betg एप्लीकेशन के माध्यम से सट्टेबाजी कर रहे थे। वहीं क्रिकेट सट्टा बाजार का भाव देखने के लिए वे क्रिकेट लाइन गुरू एप का उपयोग करते थे। आरोपियों ने स्वीकार किया कि यह एप्लीकेशन उन्हें दुर्ग निवासी सट्टेबाज हर्ष देवांगन, रवि सोनकर और भुनेश्वर चंद्राकर से उपलब्ध कराए गए थे।
लाखों का हिसाब-किताब बरामद
पुलिस ने आरोपियों से 32,500 रुपये नगद व चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इन मोबाइल में लाखों रुपये के सट्टेबाजी संबंधी लेन-देन और हिसाब-किताब दर्ज मिले हैं।
कानूनी कार्रवाई
भिलाईनगर थाना में अपराध क्रमांक 495/2025 दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6, 7 तथा बीएनएस की धारा 112 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। साथ ही फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
एसएसपी विजय अग्रवाल का कहना है कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध कारोबार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है और इस तरह के गिरोहों के खिलाफ सख्त कदम आगे भी उठाए जाएंगे।




