Advertisements

ऑपरेशन आघात में जशपुर पुलिस की बड़ी सफलता: पत्थलगांव में प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, स्कूटी समेत 720 कैप्सूल जब्त

Picture of The Prime News

The Prime News

SHARE:

जशपुर।जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत जशपुर पुलिस को एक और अहम सफलता मिली है। थाना पत्थलगांव पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली SPASMO PROXYVON PIUS कैप्सूल की अवैध बिक्री में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 30 पत्ता में कुल 720 नग प्रतिबंधित कैप्सूल और एक सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटी (क्रमांक CG 13-AS-4048) बरामद की गई है।

6 अक्टूबर को पत्थलगांव पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बिलाई टांगर निवासी राशिद अली (22 वर्ष) और ग्राम प्रेमनगर निवासी लक्की अंसारी (21 वर्ष) अपने पास भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल रखे हुए हैं और तिलडेगा चौक के पास उन्हें बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं।

सूचना को तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाया गया, जिसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह के निर्देश पर थाना पत्थलगांव की टीम मौके के लिए रवाना हुई। पुलिस टीम ने मुखबिर द्वारा बताए स्थान पर जाकर देखा तो दोनों युवक स्कूटी के पास खड़े थे। पुलिस को देखकर वे भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।

पुलिस द्वारा स्कूटी की डिक्की की तलाशी लेने पर उसमें प्लास्टिक थैली में बंद 30 पत्ता में कुल 720 नग SPASMO PROXYVON PIUS कैप्सूल मिले। जब पुलिस ने दोनों युवकों से इन कैप्सूलों के वैध दस्तावेज मांगे, तो वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

औषधि निरीक्षक से जांच कराने पर यह कैप्सूल प्रतिबंधित एवं नशीली श्रेणी की पाई गई। इसके बाद पुलिस ने कैप्सूल और स्कूटी दोनों को जब्त कर लिया। जप्त किए गए माल की अनुमानित कीमत लगभग 10 हजार रुपए आंकी गई है।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया। पत्थलगांव थाना पुलिस ने उनके खिलाफ धारा 22(ग), 27(ए) एवं 8 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पत्थलगांव निरीक्षक विनीत कुमार पांडे, उप निरीक्षक कृपा दान लकड़ा, आरक्षक राजेंद्र रात्रे, आलोक मिंज और वीरेंद्र यादव की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस टीम की तत्परता से यह अवैध नशे का सौदा पकड़ में आया, जिससे क्षेत्र में नशे के प्रसार पर प्रभावी रोक लगी है।

एसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि “ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ लगातार सघन कार्रवाई की जा रही है। पत्थलगांव क्षेत्र में दो आरोपियों को प्रतिबंधित कैप्सूल के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। नशे के कारोबार में संलिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। जिले में नशे के खिलाफ पुलिस की यह मुहिम लगातार जारी रहेगी।”

The Prime News
Author: The Prime News

Advertisements

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
Advertisements
और पढ़ें
error: Content is protected !!