Advertisements

बाजार में नकली नोटों की बड़ी साजिश का भंडाफोड़, पति-पत्नी गिरफ्तार — 1.70 लाख रुपये के जाली नोट, प्रिंटर और कागज जब्त

Picture of The prime news

The prime news

SHARE:

दुर्ग | थाना रानीतराई क्षेत्र के साप्ताहिक बाजार में नकली नोट चलाकर व्यापारियों को चूना लगाने वाले पति-पत्नी को पुलिस ने रंगे हाथों दबोच लिया है। आरोपियों के पास से 500, 200 और 100 रुपये के कुल 1,70,500 रुपये के जाली नोट, नकली नोट छापने में प्रयुक्त कलर फोटो कॉपी प्रिंटर और पेपर बरामद किए गए हैं। यह मामला न सिर्फ रानीतराई बल्कि पाटन साप्ताहिक बाजार तक फैली जाली नोटों की सुनियोजित साजिश को उजागर करता है।

पुलिस के अनुसार, 29 दिसंबर 2025 को रानीतराई साप्ताहिक बाजार में नकली नोट चलने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान अरुण कुमार तुरंग और उसकी पत्नी राखी तुरंग को हिरासत में लिया गया। प्रार्थी तुलेश्वर सोनकर (40 वर्ष), ग्राम सिलपट, थाना भखारा, जिला धमतरी ने बताया कि वह और उसकी पत्नी सब्जी बेचने के लिए रानीतराई बाजार आए थे। शाम करीब 5.30 बजे एक पुरुष और महिला ने 60 रुपये की मटर और मिर्च खरीदकर 500 रुपये का नोट दिया, शेष रकम लौटाने के बाद वह नोट गल्ले में रख लिया गया। कुछ देर बाद अन्य व्यापारियों से बाजार में नकली नोट चलने की जानकारी मिली, तब गल्ले की जांच करने पर नोट देखने-छूने में ही नकली प्रतीत हुआ, जिसका नंबर 9EP143736 पाया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने रानीतराई बाजार में ही नहीं, बल्कि पाटन साप्ताहिक बाजार में भी नकली नोट खपाए थे। आरोपियों द्वारा भावेश देवांगन (कौही), आदो राम (बेलवाकुदा), दीपक साहू, संतोष देवांगन (असोगा), शीतल यादव (डिधारी), चंद्रिका बाई (खपरी), रोहित सोनकर (सब्जी मंडी) और भूपेन्द्र पटेल (खपरी) सहित कई व्यापारियों से सामान खरीदकर जाली नोट दिए गए।
पूछताछ में अरुण तुरंग ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने ऑनलाइन कलर प्रिंटर, फोटो कॉपी मशीन और पेपर मंगाकर नकली नोट छापे। वह 500 रुपये के नोट की फोटो कॉपी कर जाली नोट तैयार करता, उन्हें काटकर पहले पाटन बाजार और फिर रानीतराई साप्ताहिक बाजार में चलाता था। आरोपी रानीतराई बाजार में 5,200 रुपये के नकली नोट लेकर पहुंचा था।
आरोपी के निवास सोनपैरी, मुजगहन, जिला रायपुर में विधिवत तलाशी लेने पर कलर फोटो कॉपी मशीन, पेपर तथा 1,65,300 रुपये के नकली नोट बरामद किए गए। मौके से जब्त 5,200 रुपये मिलाकर कुल 1,70,500 रुपये (500, 200, 100 रुपये के जाली नोट) पुलिस ने जब्त किए हैं।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना रानीतराई में अपराध क्रमांक 123/2025, धारा 178, 179, 180, 181 एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है और अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
आरोपी:
अरुण तुरंग, उम्र 50 वर्ष
राखी तुरंग, उम्र 40 वर्ष
निवासी — ग्राम सोनपैरी, मुजगहन, जिला रायपुर
पुलिस का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं इस जाली नोट गिरोह का नेटवर्क अन्य बाजारों तक तो नहीं फैला है।

The prime news
Author: The prime news

Advertisements

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
Advertisements
और पढ़ें
error: Content is protected !!