महासमुंद में एएसपी के रूप में प्रभावी पुलिसिंग के बाद प्रतिभा तिवारी को मिली बड़ी जिम्मेदारी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की दूसरी वाहिनी की सेनानी के रूप में संभाला पदभार

Picture of The Prime News

The Prime News

SHARE:

महासमुंद की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक से मिली नई जिम्मेदारी, सकरी में गार्ड ऑफ ऑनर के साथ संभाला कमांडेंट का पदभार

 

बिलासपुर/जशपुर। राज्य पुलिस सेवा (State Police Service) की वरिष्ठ अधिकारी प्रतिभा तिवारी, जो हाल तक महासमुंद जिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) के पद पर पदस्थ थीं, ने गुरुवार को छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (छसबल) की दूसरी वाहिनी, सकरी (बिलासपुर) में सेनानी (Commandant) के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार ग्रहण के दौरान वाहिनी के अधिकारियों एवं जवानों ने उनका आत्मीय स्वागत किया और गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया।

 

महासमुंद में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान प्रतिभा तिवारी ने कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने, अपराध नियंत्रण, अवैध गतिविधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई और जनसुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने और पुलिस-जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने के उनके प्रयासों की भी व्यापक सराहना हुई।

 

जशपुर जिले से भी प्रतिभा तिवारी का विशेष जुड़ाव रहा है। इससे पहले वे जशपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) के पद पर अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। अपने कार्यकाल में उन्होंने संवेदनशील मामलों की प्रभावी मॉनिटरिंग, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को अधिक सक्रिय बनाने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए थे। जशपुर पुलिस महकमे में उनकी कार्यशैली को आज भी याद किया जाता है।

 

नई जिम्मेदारी संभालने के बाद सेनानी प्रतिभा तिवारी ने दूसरी वाहिनी के अधिकारियों की बैठक लेकर कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि वाहिनी में अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, बेहतर प्रशिक्षण और जवानों का कल्याण सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल राज्य की सुरक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण अंग है और वाहिनी भविष्य में भी पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेगी।

 

छसबल की दूसरी वाहिनी राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, विशेष सुरक्षा ड्यूटी, चुनाव, वीआईपी सुरक्षा, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अभियान तथा आपदा जैसी परिस्थितियों में पुलिस बल को आवश्यक सहयोग प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। ऐसे में प्रतिभा तिवारी की इस पद पर नियुक्ति को पुलिस विभाग में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक जिम्मेदारी के रूप में देखा जा रहा है।

 

पदभार ग्रहण करने पर पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, सहकर्मियों तथा जशपुर सहित प्रदेशभर के पुलिस अधिकारियों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं।

The Prime News
Author: The Prime News

Advertisements

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
Advertisements
और पढ़ें
error: Content is protected !!