बगिया अटल चौक से दोकड़ा तक गूंजा भारत माता का जयघोष, कौशल्या साय ने भी थामा तिरंगा
जशपुर दोकड़ा। स्वतंत्रता दिवस के उत्सव से पहले दोकड़ा में बुधवार को राष्ट्रभक्ति का माहौल देखने को मिला। बगिया अटल चौक से दोकड़ा तक निकाली गई तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों के साथ किसानों के ट्रैक्टर, युवाओं की मोटरसाइकिलें और स्कूली बच्चों की मौजूदगी ने यात्रा को भव्य स्वरूप दिया।
यात्रा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी कौशल्या साय भी शामिल हुईं। उन्होंने हाथ में तिरंगा लेकर यात्रा में हिस्सा लिया और लोगों का उत्साह बढ़ाया। उनके साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों, युवाओं, किसानों और ग्रामीणों की बड़ी संख्या मौजूद रही। यात्रा के दौरान भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा।
दोकड़ा की सड़कों पर तिरंगे ही तिरंगे नजर आए। किसानों ने ट्रैक्टरों के साथ राष्ट्रध्वज लेकर अपनी भागीदारी निभाई, जबकि युवाओं ने मोटरसाइकिलों के साथ यात्रा में जोश दिखाया। स्कूली बच्चे भी अनुशासन के साथ तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए। अलग-अलग वर्गों की भागीदारी ने आयोजन को सामूहिक एकता का स्वरूप दिया।
तिरंगा यात्रा में अशोक गुप्ता, राजेश फेंटा चौधरी, हीरामती पैंकरा, प्रमोद गुप्ता, दिनेश प्रसाद, रवि यादव, रामविलास राम, संजय सिंह, उपेंद्र नाथ साय, गुलाब सिंह, सरोज यादव, अटल बिहारी साय, प्रभु राम कुमावत और नंदलाल यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
आयोजन के दौरान लोगों ने तिरंगे को देश की आन-बान-शान का प्रतीक बताते हुए राष्ट्रीय एकता और भाईचारे का संदेश दिया। बगिया अटल चौक से शुरू हुई यात्रा जैसे-जैसे दोकड़ा की ओर बढ़ी, इसमें लोगों की भागीदारी बढ़ती गई। स्वतंत्रता दिवस से पहले आयोजित इस यात्रा ने पूरे क्षेत्र को देशभक्ति के माहौल में सराबोर कर दिया।




