रायपुर। नामदेव समाज विकास परिषद जिला शाखा के महिला संगठन एवं विभिन्न प्रकोष्ठों की महिलाओं ने एकजुटता का संदेश देते हुए हरियाली तीज महोत्सव का भव्य आयोजन किया। 13 अगस्त को रायपुर के वृंदावन हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में समाज की बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजकों के अनुसार, रायपुर में पहली बार नामदेव समाज की महिलाओं की ओर से इतने बड़े स्तर पर हरियाली तीज का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीकृष्ण और नामदेव महाराज की पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद विभिन्न सांस्कृतिक और मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें समाज की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आयोजन में गायन, भजन, शेरो-शायरी सहित कई प्रस्तुतियां हुईं। इसके अलावा हरियाली तीज क्वीन और सावन क्वीन प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रही।
सावन क्वीन प्रतियोगिता में डॉ. श्वेता नामदेव ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि तीज क्वीन का खिताब डॉ. श्यामली नामदेव ने अपने नाम किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में रायपुर के साथ-साथ बेमेतरा, महासमुंद और कोरबा सहित अन्य क्षेत्रों से भी नामदेव समाज की महिलाएं शामिल हुईं। बाहर से पहुंची महिलाओं ने आयोजन की शोभा बढ़ाते हुए समाज की एकता और आपसी सहयोग का संदेश दिया। कार्यक्रम में शामिल सभी महिलाओं का हल्दी-कुमकुम लगाकर और बैज पहनाकर स्वागत किया गया। आयोजन के समापन पर सभी महिलाओं को रिटर्न गिफ्ट भी भेंट किया गया।
रायपुर जिला महिला अध्यक्ष लता नामदेव ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए करीब दो महीने से तैयारियां कीं और समाज की महिलाओं को एक सूत्र में जोड़ने का प्रयास किया। उनकी मेहनत और महिला प्रकोष्ठ की कार्यकारिणी के सहयोग से आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
लता नामदेव ने कहा कि कार्यक्रम की रूपरेखा समाज की सभी बहनों तक पहुंचाकर उन्हें आमंत्रित किया गया था। महिलाओं ने सहजता से आमंत्रण स्वीकार करते हुए कार्यक्रम में भाग लिया, जिससे आयोजन को भव्य स्वरूप मिला। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इससे भी बेहतर आयोजन करने का प्रयास किया जाएगा और छत्तीसगढ़ के सभी क्षेत्रों से नामदेव समाज की महिलाओं को एक मंच पर लाने की दिशा में काम किया जाएगा।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर लता नामदेव ने महिला प्रकोष्ठ की कार्यकारिणी की सभी सदस्यों और समाज की महिलाओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कार्यकारिणी की बहनों ने अपने व्यस्त समय में से समय निकालकर जिस तरह सहयोग दिया, वह सराहनीय है। उन्होंने सभी सहयोगियों और कार्यक्रम में शामिल महिलाओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
