दंतेवाड़ा जिले में हर्ष और उमंग के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, वन मंत्री केदार कश्यप ने किया ध्वजारोहण….

Picture of The prime news

The prime news

SHARE:

रायपुर: दंतेवाड़ा जिले में स्वतंत्रता दिवस हर्ष, उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। जिला मुख्यालय के शासकीय हाई स्कूल मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन और सहकारिता मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री केदार कश्यप ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का प्रदेशवासियों के नाम संदेश का वाचन किया।

मुख्य अतिथि का स्वागत कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव और पुलिस अधीक्षक श्री चंद्र मोहन सिंह ने किया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान की धुन पर राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई और गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर तिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गए तथा शांति के प्रतीक सफेद कबूतर उड़ाए गए।

वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार शांति, सुरक्षा, विकास और जनकल्याण की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने नक्सल उन्मूलन अभियान में शहीद हुए जवानों के परिजनों को शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।

अनुशासन और गौरव के साथ निकली परेड
समारोह में पुलिस, सुरक्षा बलों, बस्तर फाइटर्स, नगर सेना, स्काउट एवं बैंड दलों ने अनुशासित मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। परेड का नेतृत्व परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक श्री सुशील नौटियाल ने किया। विभिन्न सुरक्षा बलों की टुकड़ियों ने सधे हुए कदमों के साथ शानदार प्रदर्शन किया।

देशभक्ति से सराबोर रहीं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
शालेय छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों, नृत्य और स्वतंत्रता सेनानियों पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इन प्रस्तुतियों ने राष्ट्रीय एकता, देशप्रेम और सांस्कृतिक समरसता का सुंदर संदेश दिया।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दल और स्कूल हुए सम्मानित
मार्च पास्ट और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दलों और शैक्षणिक संस्थाओं को पुरस्कृत किया गया।
मार्च पास्ट (शस्त्रधारी वर्ग) में जिला पुलिस बल (महिला) दंतेवाड़ा को प्रथम, बस्तर फाइटर्स (पुरुष) को द्वितीय और बस्तर फाइटर्स (महिला) को तृतीय स्थान मिला।

शस्त्र रहित मार्च पास्ट वर्ग में शासकीय हाई स्कूल दंतेवाड़ा (स्काउट टोली) प्रथम रही। सांस्कृतिक प्रतियोगिता में कन्या शिक्षा परिसर पातररास को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल गीदम-जावंगा और कस्तूरबा माध्यमिक विद्यालय दंतेवाड़ा संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि निर्मल निकेतन हाई स्कूल कारली और गायत्री विद्यापीठ दंतेवाड़ा को तृतीय स्थान मिला।

समारोह में विधायक श्री चौतराम अटामी, महिला आयोग की सदस्य श्रीमती ओजस्वी मंडावी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नंदलाल मुड़ामी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री अरविंद कुजाम, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पायल गुप्ता, नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुनीता भास्कर, नगरपालिका उपाध्यक्ष श्री कैलाश मिश्रा, डीआईजी श्री कमलोचन कश्यप, सीआरपीएफ के अधिकारी, जिला पंचायत सीईओ श्री एम. भार्गव, अपर कलेक्टर श्री राजेश पात्रे, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। स्वतंत्रता दिवस समारोह ने जिले में राष्ट्रीय एकता, शांति, विकास और जनभागीदारी की भावना को और अधिक मजबूत किया।

The prime news
Author: The prime news

Advertisements

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
Advertisements
और पढ़ें
error: Content is protected !!