जशपुर में अखिल भारतीय फिडे रेटेड शतरंज प्रतियोगिता का शुभारंभ, 12 राज्यों के 175 से अधिक खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

Picture of The Prime News

The Prime News

SHARE:

जशपुर में अखिल भारतीय फिडे रेटेड शतरंज प्रतियोगिता का शुभारंभ, 12 राज्यों के 175 से अधिक खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

 

जशपुरनगर, जशपुर में पहली बार आयोजित चार दिवसीय ‘चेकमेट एट जशपुर-2026’ अखिल भारतीय ओपन फिडे रेटेड शतरंज प्रतियोगिता का आज उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने शुभारंभ किया। पुरानी टोली स्थित कम्युनिटी हॉल में आयोजित प्रतियोगिता में देश के 12 राज्यों से 175 से अधिक खिलाड़ी और कोच हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता 29 अगस्त से 1 सितंबर तक चलेगी।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शतरंज केवल खेल नहीं, बल्कि जीवन में धैर्य, एकाग्रता और सोच-समझकर निर्णय लेने की कला सिखाने वाला माध्यम है। उन्होंने कहा कि शतरंज के 64 खानों और 32 मोहरों में जीवन की अनेक सीख छिपी हैं। कठिन परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखना, चुनौती का सामना करना और अगला कदम सोच-समझकर उठाना इस खेल से सीखा जा सकता है।
अरूण साव ने कहा कि 29 अगस्त को मेजर ध्यानचंद की जयंती पर राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है और ऐसे अवसर पर प्रकृति की सुंदर वादियों तथा स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव की जन्मस्थली जशपुर में राष्ट्रीय स्तर की शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन गौरव की बात है। उन्होंने विश्व प्रसिद्ध शतरंज खिलाड़ी विश्वनाथन आनंद का उल्लेख करते हुए कहा कि देश को इसी तरह नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ाना है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय महामंत्री योगेश बापट ने कहा कि वनांचल क्षेत्र जशपुर में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन यहां के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर देगा। उन्होंने कहा कि शतरंज भारत के प्राचीन खेलों में शामिल है और इसकी खासियत है कि इसमें उम्र की कोई सीमा नहीं होती। दादा और पोता भी एक साथ शतरंज खेल सकते हैं। खेल एकाग्रता, अनुशासन, रणनीति और धैर्य विकसित करता है। उन्होंने कहा कि शतरंज में खिलाड़ी या तो जीतता है या फिर सीखता है।
नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत ने प्रतियोगिता को जशपुर के लिए गौरव का क्षण बताया। वहीं कलेक्टर रोहित व्यास ने जिले में खेल अधोसंरचना के विस्तार की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए इंडोर स्टेडियम, कुनकुरी में स्टेडियम, फुटबॉल स्टेडियम, रॉक क्लाइंबिंग और क्रिकेट मैदान जैसी सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।
प्रतियोगिता में कुल 2 लाख 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है। मुख्य वर्ग के विजेता को 50 हजार रुपये और ट्रॉफी, उपविजेता को 30 हजार रुपये तथा तीसरे स्थान पर रहने वाले खिलाड़ी को 20 हजार रुपये और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इसके अलावा महिला, वरिष्ठ नागरिक, विभिन्न आयु वर्ग, रेटिंग कैटेगरी तथा जशपुर और सरगुजा संभाग के खिलाड़ियों के लिए भी विशेष पुरस्कार रखे गए हैं। प्रतियोगिता फिडे स्विस प्रणाली के तहत कुल आठ चक्रों में खेली जाएगी।
प्रतियोगिता का आयोजन जिला प्रशासन, खेल विभाग और जशपुर जिला शतरंज संघ के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगाराम भगत, नगर पालिका अधिकारी योगेश्वर उपाध्याय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खिलाड़ी और कोच उपस्थित रहे।

The Prime News
Author: The Prime News

Advertisements

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
Advertisements
और पढ़ें
error: Content is protected !!
Verified by MonsterInsights