दुर्ग। नौकरी लगाने का झांसा देकर लाखों की ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश दुर्ग पुलिस ने कर दिया है। खाद निरीक्षक, पर्यवेक्षक और चपरासी जैसे पदों पर नियुक्ति का झांसा देकर गिरोह के सदस्यों ने आठ आवेदकों से करीब 22 लाख रुपए ऐंठ लिए थे। पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जिनमें फर्जी नियुक्ति पत्र बनाने वाला एक टाइपिंग सेंटर संचालक भी शामिल है।
—
नौकरी के नाम पर दो लाख लेकर भेजा फर्जी आदेश
मामले का खुलासा तब हुआ जब महमरा निवासी दीपेश कुमार निषाद (26 वर्ष) ने थाना पुलगांव (अंजोरा) में शिकायत दर्ज कराई। प्रार्थी ने बताया कि उसके गांव के ही मनोज साहू ने अपने साथी मुकेश वर्मा और भांजा रजत वर्मा के साथ मिलकर खाद निरीक्षक के पद पर नौकरी लगाने का झांसा दिया। इसके बदले उन्होंने चार लाख रुपए की मांग की और दो लाख रुपए नगद व ऑनलाइन माध्यम से वसूले। कुछ ही दिनों बाद दीपेश को व्हाट्सएप पर फर्जी नियुक्ति आदेश भेज दिया गया।
प्रार्थी को जब धोखाधड़ी का एहसास हुआ, तब उसने इसकी शिकायत पुलिस से की। जांच में यह सामने आया कि आरोपियों ने इसी तरह कई अन्य लोगों से भी लाखों रुपए वसूले और उन्हें भी फर्जी नियुक्ति आदेश दिए गए।
—
मास्टरमाइंड मनोज साहू समेत चार गिरफ्तार
पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपियों की पतासाजी की और मनोज कुमार साहू (40 वर्ष, अंजोरा) को गिरोह का मास्टरमाइंड बताया। उसके कब्जे से फर्जी नियुक्ति पत्र, कागजात और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
इसी तरह रजत वर्मा (25 वर्ष) और मुकेश वर्मा (53 वर्ष), दोनों निवासी भिलाई नगर से भी फर्जी दस्तावेज और मोबाइल जब्त किए गए हैं।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने कई लोगों से नौकरी लगाने के नाम पर रकम वसूल की और फर्जी दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी की।
फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार कराने में मदद करने वाला टाइपिंग सेंटर संचालक महेश हिरावं (63 वर्ष, हरिनगर मोहन नगर) को भी सेक्टर 6, भिलाई ए मार्केट से गिरफ्तार किया गया।
—
धोखाधड़ी के तहत अपराध दर्ज
इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 420/2025, धारा 420, 467, 468, 471, 34 भादवि के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
विवेचना के बाद चारों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
—
गिरफ्तार आरोपियों की सूची
1. मनोज कुमार साहू (40 वर्ष) — निवासी अंजोरा, पुलगांव
2. रजत वर्मा (25 वर्ष) — निवासी भिलाई नगर
3. मुकेश वर्मा (53 वर्ष) — निवासी भिलाई नगर
4. महेश हिरावं (63 वर्ष) — निवासी हरिनगर, मोहन नगर






