Advertisements

विश्व फोटोग्राफी दिवस पर आकाश सोनी की प्रेरक कहानी: तस्वीरों में थमा जीवन का सफर

Picture of The prime news

The prime news

SHARE:

जशपुर, विश्व फोटोग्राफी दिवस —एक ऐसा दिन, जब कैमरे के लेंस से झांकती कहानियां, ठहरे हुए पल और जीवन के अनगिनत रंग याद दिलाते हैं कि एक तस्वीर सिर्फ फोटो नहीं होती, बल्कि यादों का अनमोल खजाना होती है।

 

फोटोग्राफी का नाम सुनते ही दिमाग में कैमरे की झलक और क्लिक की आवाज गूंज उठती है। लेकिन यह सिर्फ शौक भर नहीं, बल्कि ऐसा जुनून है जो इंसान की सोच, भावनाओं और सपनों को दिशा देता है। जशपुर के युवा फोटोग्राफर आकाश सोनी ने विश्व फोटोग्राफी दिवस पर अपने जीवन का यह सफर साझा किया। उनका कहना है कि तस्वीर खींचना महज एक क्लिक नहीं होता, बल्कि यह उस पल को हमेशा के लिए कैद कर लेने की ताकत है।

 

आकाश सोनी ने बताया कि 90 के दशक से लेकर आज के 5G युग तक फोटोग्राफी का स्वरूप बदल गया। उस दौर में कैमरे से तस्वीर लेना आसान नहीं था। नेगेटिव रोल्स ही यादों का स्टोरेज थे। धीरे-धीरे मोबाइल कैमरों ने तस्वीरें लेना सुलभ कर दिया। सस्ते चाइनीज़ मोबाइल से शुरू हुआ सफर, एंड्रॉइड स्मार्टफोन तक पहुंचा और फिर प्रोफेशनल कैमरे का सपना जन्मा।

 

मध्यमवर्गीय परिवार से आने वाले आकाश ने बताया कि शौक को करियर बनाना आसान नहीं था। लाखों का कैमरा खरीदना किसी सपने से कम नहीं। कई बार परिजनों से ताने मिले, मजाक बना, लेकिन हार नहीं मानी। मोबाइल कैमरे से खींची गई तस्वीरें फेसबुक पर अपलोड होती रहीं। कहीं आलोचना मिली, कहीं प्रशंसा। लेकिन जशपुर की खूबसूरत वादियां, त्यौहार और प्राकृतिक सौंदर्य उनकी तस्वीरों में कैद होते रहे।

 

उन्होंने बताया कि पहली बार शादी की शूटिंग का मौका मिला तो फीस के बारे में कुछ कह नहीं पाए। सिर्फ इतना बोले—“सगुन के नाम जो मन करे दे दीजिए।” काम इतना दिल से किया कि परिवार ने प्यार और आशीर्वाद के साथ लिफाफा दिया। उसमें 5100 रुपये थे। यह उनकी जिंदगी की पहली कमाई थी। इस छोटे से शुरुआती कदम ने उनके आत्मविश्वास को परवाज़ दी और फिर धीरे-धीरे शौक ही पेशा बन गया।

 

आज आकाश सोनी एक टीम के साथ काम कर रहे हैं, दूसरों को रोजगार दे रहे हैं और अपने कैमरे के जरिए न सिर्फ रोज़गार कमा रहे हैं बल्कि समाज को प्रेरित भी कर रहे हैं। उनका मानना है कि समस्याएं उतनी बड़ी नहीं होतीं जितना हम सोचते हैं। बस हिम्मत और जुनून से उन्हें पार किया जा सकता है।

 

(आकाश सोनी):

“माता-पिता से मेरा आग्रह है कि अपने बच्चों के शौक और हुनर को समझें। कभी-कभी जिसे आप नज़रअंदाज़ कर रहे होते हैं, वही हुनर उन्हें जीवन में एक नई पहचान दिला सकता है।”

 

विश्व फोटोग्राफी दिवस पर सभी देशवासियों को बधाई। कैमरा और तस्वीरों के जरिए हर कोई अपनी कहानी बयां कर सकता है, बस जरूरत है सपनों को जीने और उन्हें उड़ान देने की।

The prime news
Author: The prime news

Advertisements

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
Advertisements
और पढ़ें
error: Content is protected !!