Advertisements

हत्या के प्रयास का मामला उजागर: छावनी थाना अंतर्गत आदर्श नगर कैंप-1 भिलाई में आपसी रंजिश में युवक पर चली गोली, तीन आरोपी गिरफ्तार

Picture of The Prime News

The Prime News

SHARE:

भिलाई, 4 जून 2025।

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के थाना छावनी अंतर्गत आदर्श नगर कैंप-1 भिलाई में एक सनसनीखेज हत्या के प्रयास का खुलासा हुआ है। आपसी रंजिश के चलते रविशंकर यादव नामक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर सूरज सिंह की जान लेने की नीयत से उसके घर पर धावा बोलते हुए पिस्टल से फायर कर दिया। गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके कब्जे से हथियार, कारतूस, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल जब्त की गई है।

पीड़िता गोल्डी सिंह (उम्र 34 वर्ष), निवासी आदर्श नगर कैंप-1, ने थाना छावनी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 3 जून की रात लगभग 9:30 बजे जब वह अपने घर में किचन में काम कर रही थी, उसी समय 4-5 युवक दो मोटरसाइकिल में सवार होकर उनके घर के सामने आकर रुके। उनमें से एक युवक रविशंकर यादव था, जो पूर्व में दो-तीन बार उनके घर आ चुका है। रविशंकर ने घर का गेट खोलकर आंगन में प्रवेश किया और हथियार लहराते हुए सूरज सिंह को बाहर बुलाने की धमकी देने लगा।

गोल्डी सिंह ने बताया कि जब उसने कहा कि सूरज घर पर नहीं है, तो रविशंकर दरवाजे को जोर-जोर से धक्का देने लगा और धमकी दी कि अगर सूरज नहीं निकला तो वह सबको जान से मार देगा। इसके बाद रविशंकर ने अपने पास रखे हथियार से एक राउंड फायर कर दिया और सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

खुलासा

घटना की रिपोर्ट दर्ज होते ही थाना छावनी पुलिस हरकत में आई और नगर पुलिस अधीक्षक हरिश पाटिल, उप पुलिस अधीक्षक (क्राइम) अजय सिंह, एसीसीयू टीम, थाना प्रभारी नवी मोनिका पांडे, उनि वरुण देवता व आरक्षक जितेंद्र सिंह व नितिन सिंह की टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित जांच शुरू की।

पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से निम्न वस्तुएं जब्त की:

रविशंकर यादव से एक मैगजीन जिसमें दो कारतूस लगे थे, एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल

टी. शिवकुमार से एक पिस्टल, जिसमें एक कारतूस लोड था और एक मोबाइल फोन

विजय चंद्राकर से एक मोबाइल फोन

आरोपी:

1. रविशंकर यादव, पिता नंदकुमार यादव, निवासी आदर्श नगर कैंप-1, भिलाई

2. टी. शिवकुमार, पिता टी. नागेश्वर राव, निवासी आदर्श नगर कैंप-1, भिलाई

3. विजय चंद्राकर, पिता स्व. रमेश चंद्राकर, निवासी कन्हेरा, थाना व जिला बेमेतरा

 

पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 269/2025 धारा 109, 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

नगर पुलिस अधीक्षक छावनी हरिश पाटिल ने बताया कि यह हमला आपसी रंजिश का परिणाम था और मामले में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की तलाश जारी है। मामले में आगे की जांच तेजी से की जा रही है।

The Prime News
Author: The Prime News

Advertisements

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
Advertisements
और पढ़ें
error: Content is protected !!