जशपुर, नेशनल हाइवे 43 पर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। ट्रक की चपेट में एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल आ गए। गनीमत यह रही कि हादसे में किसी को भी चोट नहीं आई।
घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के दौड़का चौरा कि हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक प्लाईवुड का कच्चा माल लेकर मध्यप्रदेश से पश्चिम बंगाल की ओर जा रहा था। जशपुर के पास दौड़का चौरा पहुंचते ही चालक का नियंत्रण ट्रक से हट गया और वह सड़क किनारे खड़ी स्कूटी और बाइक को रौंदते हुए पलट गया। घटना के बाद एक स्कूटी ट्रक के नीचे दब गई, जबकि मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना कि सूचना पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। सड़क के बीचों-बीच पलटे ट्रक को हटाने की कार्रवाई जारी है, ताकि यातायात सुचारू किया जा सके।
फिलहाल पुलिस ट्रक चालक से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच में जुट गई है। घटना के दौरान किसी के हताहत न होने को लेकर लोगों ने राहत की सांस ली है।





