जशपुर | जशपुर जिले के दुलदुला थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 43 (NH-43) पर स्थित लोरो घाटी में रविवार रात करीब 8:30 बजे एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक को मामूली चोटें आई हैं, जबकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जो राहत की बात है।
घटना की जानकारी मिलते ही दुलदुला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्परता से राहत व सुरक्षा कार्य शुरू किया गया। पलटे हुए वाहन को किनारे कर यातायात को सुचारु रूप से चालू कर दिया गया, जिससे मार्ग पर आने-जाने वाले अन्य वाहनों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।
बार-बार हो रही दुर्घटनाओं से चिंता
गौरतलब है कि लोरो घाटी भारी वाहनों के लिए एक संवेदनशील और दुर्घटना संभावित क्षेत्र है। सड़क की तीव्र ढलान, तीखे मोड़ और सीमित दृश्यता के कारण यहां अकसर वाहन अनियंत्रित होकर पलट जाते हैं। बीते कुछ महीनों में इस घाटी में कई बार ट्रक व भारी वाहन पलटने की घटनाएं हो चुकी हैं।
पुलिस कर रही है निरंतर प्रयास
जिला पुलिस व जिला प्रशासन द्वारा ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। घाट क्षेत्र में चेतावनी संकेतक, स्पीड ब्रेकर, प्रतिबंधित गति सीमा के बोर्ड लगाए गए हैं, साथ ही वाहन चालकों को सतर्कता बरतने की हिदायत भी दी जाती रही है।
रविवार की इस दुर्घटना में कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और चालक सुरक्षित बच गया। पुलिस प्रशासन ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि लोरो घाटी जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में वाहन सावधानीपूर्वक चलाएं और तय गति सीमा का पालन करें, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को टाला जा सके।






