जशपुर।
छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन जिला जशपुर के संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। त्रैवार्षिक परंपरा के अनुसार इस वर्ष पुनः संगठन का लोकतांत्रिक पर्व मनाया जाएगा। ब्लॉक अध्यक्षों का निर्वाचन दो चरणों में 27 सितम्बर और 5 अक्टूबर 2025 को होगा, वहीं 12 अक्टूबर 2025 को जिलाध्यक्ष का चुनाव संपन्न कराया जाएगा।
शनिवार 20 सितम्बर को कुनकुरी रेस्ट हाउस में हुई जिला स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक में कार्यवाहक जिलाध्यक्ष अजय गुप्ता की अध्यक्षता में आगामी चुनाव की रूपरेखा तय की गई। बैठक में जिलेभर से सभी ब्लॉक अध्यक्ष शामिल हुए और सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किए।
लोकतांत्रिक परंपरा का निर्वहन
बैठक में संबोधित करते हुए कार्यवाहक जिलाध्यक्ष अजय गुप्ता ने कहा कि संगठन की सबसे बड़ी ताकत इसकी लोकतांत्रिक परंपरा और पारदर्शिता है। फेडरेशन हमेशा अंतिम पंक्ति के शिक्षक तक को नेतृत्व का अवसर देता है, यही इसे अन्य संगठनों से अलग बनाता है। उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि तीन वर्ष बाद पुनः लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत चुनाव हो रहा है, जिसमें सभी सदस्यों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
निर्वाचन कार्यक्रम
निर्वाचन आयोग द्वारा अधिसूचित कार्यक्रम के अनुसार जिले के विभिन्न ब्लॉकों में चुनावी प्रक्रिया निम्नानुसार संपन्न होगी—
पहला चरण : 27 सितम्बर 2025 (शनिवार)
पत्थलगांव
फरसाबहार
कांसाबेल
बगीचा
मनोरा
दूसरा चरण : 5 अक्टूबर 2025 (रविवार)
कुनकुरी
दुलदुला
जशपुर
इसके बाद 12 अक्टूबर 2025 को जिलेभर में निर्वाचित प्रतिनिधियों द्वारा जिलाध्यक्ष का निर्वाचन किया जाएगा।
प्रस्ताव और तैयारी
बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि—
सभी ब्लॉकों में निर्वाचन से पूर्व अनिवार्यतः ऑफलाइन बैठक आयोजित कर शिक्षकों को संपूर्ण प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।
यदि किसी ब्लॉक में निर्विरोध निर्वाचन संपन्न होता है, तो वहां जिला प्रभारी द्वारा विजयी प्रतिनिधियों को मोमेंटो प्रदान किया जाएगा।
चुनावी कार्यक्रम की सम्पूर्ण जिम्मेदारी ब्लॉक अध्यक्षों और कार्यकारिणी पर होगी।
बैठक में कार्यवाहक ब्लॉक अध्यक्ष प्रेमशंकर यादव, पुरेन्द्र यादव, यशवंत यादव, महेंद्र सिंह, संजय बेक, भरत यादव, नरेश यादव और दीपक मार्टिन सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
अब पूरा जिला संगठन एक बार फिर से चुनावी माहौल में प्रवेश कर चुका है। ब्लॉक स्तर पर 27 सितम्बर से शुरू होने वाले इस लोकतांत्रिक पर्व का समापन 12 अक्टूबर को जिलाध्यक्ष के चुनाव के साथ होगा।




