Advertisements

मृतक के नाम पर फर्जीवाड़ा: जशपुर पुलिस ने भू-माफियाओं की साजिश का किया भंडाफोड़, दो आरोपी जेल भेजे – दो की तलाश जारी

Picture of The Prime News

The Prime News

SHARE:

जशपुर। जिले में जमीन कब्जाने के लिए भू-माफियाओं ने हैरतअंगेज खेल रचा। मृतक व्यक्ति के नाम पर जाली आधार कार्ड और फर्जी दस्तावेज बनवाकर पावर ऑफ अटॉर्नी तैयार की गई, ताकि जमीन की बिक्री की जा सके। शिकायत और न्यायालय के आदेश के बाद कुनकुरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार हैं।

ग्राम गम्हरिया निवासी महेश राम ने पुलिस और न्यायालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके पिता सोमरा राम का निधन वर्ष 2014 में हो चुका है। इसके बावजूद कुछ भू-माफियाओं ने उनके नाम पर दस्तावेजों की डुप्लीकेट प्रति निकलवाकर फर्जी आधार कार्ड तैयार कराया। इस कार्ड में फोटो आरोपी अघनु राम का था, लेकिन नाम मृतक सोमरा राम का लिखा गया।

3 नवम्बर 2023 को उप-पंजीयक कार्यालय कुनकुरी में आरोपी अघनु राम स्वयं को मृतक सोमरा राम बताकर पेश हुआ और आरोपी आनंद खलखो के नाम पावर ऑफ अटॉर्नी कर दी।

न्यायालय के आदेश पर थाना कुनकुरी में धारा 420, 467, 468, 471 और 120(बी) के तहत अपराध दर्ज किया गया। जांच के बाद पुलिस ने जितेंद्र कुमार शर्मा (34 वर्ष, निवासी दरबारीटोली जशपुर) और अघनु राम (58 वर्ष, निवासी टंगरा टोली जशपुर) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से फर्जी दस्तावेज और आधार कार्ड भी जब्त किया है।

आरोपी आनंद खलखो और रामलाल फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि पैसे के लालच में उन्होंने मृतक के नाम पर जाली आधार कार्ड बनवाया और पावर ऑफ अटॉर्नी के जरिए जमीन बेचने की योजना बनाई। पहले जशपुर उप-पंजीयक कार्यालय में कोशिश नाकाम रही, तब कुनकुरी में फर्जीवाड़े को अंजाम दिया गया।

जशपुर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा —
“मृतक के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन हड़पने की साजिश बेहद गंभीर अपराध है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।”

The Prime News
Author: The Prime News

Advertisements

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
Advertisements
और पढ़ें
error: Content is protected !!