जशपुर। जशपुर जिले के खिलाड़ियों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि मेहनत और अनुशासन से सफलता के बड़े मुकाम हासिल किए जा सकते हैं। अंबिकापुर में 22 से 24 अगस्त तक आयोजित 21वीं राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में जशपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 14 स्वर्ण और 5 कांस्य पदक अपने नाम किए। इसी के साथ जिले के 13 प्रतिभावान खिलाड़ी अब राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतियोगिता में जशपुर जिले से कुल 20 खिलाड़ी शामिल हुए थे। ताइक्वांडो कोच नंदलाल यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल के युवराज कुमार ने शानदार प्रदर्शन कर दो स्वर्ण पदक, वहीं स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम स्कूल जशपुर के मनीष राम ने भी दो स्वर्ण पदक हासिल किए। इसके अलावा अर्जुन राम, करण राम, अजय कुमार चौहान, भारत पैंकरा, शिवराज बंजारा, राकेश राम, संत पॉल अंग्रेजी स्कूल बाघिमा की ईशिका लकड़ा, जशपुर ताइक्वांडो अकादमी के रुद्र प्रताप सिंह, हर्ष नागवंशी, अभिषेक कुजूर और विक्की खलखो ने भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
वहीं कांस्य पदक जीतने वालों में हॉली क्रॉस इंग्लिश स्कूल घोलेंग के आयांश आदि टोप्पो, माउंट हील इंग्लिश स्कूल के पूर्वांश साकेत, केंद्रीय विद्यालय जशपुर के गुणाभ्य बारीक, त्रंबकेश्वर जाटवर और सेजश हिंदी स्कूल के साहिल एक्का का नाम शामिल है।
कोच यादव ने बताया कि चयनित खिलाड़ी अब आगामी दिनों में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे और राज्य का नाम रोशन करेंगे।
गौरतलब है कि जशपुर जिले में विगत 15 वर्षों से ताइक्वांडो का नियमित प्रशिक्षण ताइक्वांडो स्टेडियम में दिया जा रहा है, जिसके चलते यहां के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त कर जिले का मान बढ़ा रहे हैं।
जिले में इस शानदार उपलब्धि पर जिला प्रशासन, जिला ताइक्वांडो संघ, संबंधित स्कूलों के प्राचार्य, अभिभावकों और खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी और राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।






