छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तिलडेगा कटंगतराई में गौवंश वध की सूचना पर पुलिस ने ऑपरेशन शंखनाद के तहत पांच आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 33 किलो गौ मांस के साथ वध और मांस काटने में प्रयुक्त धारदार औजार भी बरामद किए गए हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक घटना दिनांक 26 जुलाई की है जब पत्थलगांव पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि ग्राम तिलडेगा कटंगतराई निवासी चनेश राम केरकेट्टा अपने तीन-चार साथियों के साथ मिलकर अपने घर के बाड़ी में गौवंश का वध कर उसका मांस काट रहा है और उसे खाने तथा बिक्री के लिए बंटवारा करने वाला है।
घटना कि सुचना पर पत्थलगांव थाना प्रभारी निरीक्षक विनीत कुमार पांडे के नेतृत्व में टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई। जैसे ही पुलिस दल वहां पहुंचा, तो पाया कि पांच व्यक्ति गौ मांस का बंटवारा कर रहे हैं।
पुलिस ने मौके से 33 किलो गौ मांस, मांस काटने के धारदार हथियार, तथा घटनास्थल से गौवंश का सिर, पूंछ, सींग और चमड़ी भी बरामद की, जिन्हें पशु चिकित्सक से पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
मामले मे गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज प्रकाश केरकेट्टा, उम्र 25 वर्ष. प्रकाश लकड़ा, उम्र 39 वर्ष,चनेश राम केरकेट्टा, उम्र 40 वर्ष, रकबीर लकड़ा, उम्र 47 वर्ष और मालिक लकड़ा, उम्र 45 वर्ष सभी निवासी ग्राम तिलडेगा कटंगतराई, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर रहने वाले है,
पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वध किया गया गौवंश सूरज प्रकाश केरकेट्टा का था, जिसे आपसी सहमति से काटा गया था। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 325, 3(5) तथा छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 5, 10 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर, विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनीत कुमार पांडे, सहायक उपनिरीक्षक लखेश साहू, आरक्षक आशीषन टोप्पो, राजेंद्र रात्रे और आकाश कुजूर की सक्रिय भूमिका रही।
एसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि गौवंश से संबंधित किसी भी प्रकार के अपराध को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”पत्थलगांव क्षेत्र में गौ वंश का वध कर मांस बनाने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।






