जशपुर। छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन, जिला कार्यकारिणी जशपुर द्वारा वर्ष 2026 के वार्षिक कैलेंडर का विमोचन कार्यक्रम गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष माननीय राजा प्रबल प्रताप सिंह जूदेव उपस्थित रहे। उनके कर कमलों से वर्ष 2026 के कैलेंडर का विधिवत विमोचन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माननीय राजा प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति के मुद्दे को गंभीर बताते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के घोषणा पत्र में ‘मोदी की गारंटी’ के अंतर्गत सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति को दूर करने का स्पष्ट उल्लेख किया गया है। उन्होंने कहा कि सहायक शिक्षकों की यह मांग पूर्णतः न्यायोचित है और लंबे समय से लंबित इस विषय पर सकारात्मक पहल आवश्यक है।
उन्होंने आश्वस्त किया कि वे इस मुद्दे को छत्तीसगढ़ शासन एवं माननीय मुख्यमंत्री तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने हेतु स्वयं गंभीरता से प्रयास करेंगे, ताकि सहायक शिक्षकों को शीघ्र राहत मिल सके। उनके इस वक्तव्य से उपस्थित शिक्षकों में आशा और विश्वास का वातावरण देखने को मिला।
इस अवसर पर फेडरेशन के जिला पदाधिकारियों ने संगठन की गतिविधियों, शिक्षकों की प्रमुख समस्याओं एवं शैक्षणिक हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने बताया कि संगठन न केवल वेतन विसंगति जैसे मुद्दों पर सक्रिय है, बल्कि जिले में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने, शिक्षकों के अधिकारों की रक्षा करने तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के वातावरण के निर्माण हेतु निरंतर प्रयासरत है।
फेडरेशन की ओर से जारी वक्तव्य में माननीय राजा प्रबल प्रताप सिंह जूदेव के प्रति आभार व्यक्त किया गया। संगठन ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं के प्रति उनकी सकारात्मक सोच, संवेदनशीलता और सहयोगात्मक आश्वासन से शिक्षक समुदाय में विश्वास एवं उत्साह का संचार हुआ है। संगठन को पूर्ण विश्वास है कि उनके मार्गदर्शन एवं प्रयासों से सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति सहित अन्य लंबित मांगों के समाधान की दिशा में ठोस और सार्थक पहल होगी।
कार्यक्रम में प्रदेश महासचिव टिकेश्वर भोय, जिला अध्यक्ष अजय कुमार गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष मनोज अम्बष्ट, जिला उपाध्यक्ष सागर प्रसाद यादव, जिला उपाध्यक्ष सरस्वती जगत, जिला महासचिव मोहम्मद मेराज अंसारी, जिला महासचिव रवि गुप्ता, जिला महासचिव सुमन भगत, जिला सलाहकार उत्तम कुमार, जिला सचिव ब्रजकिशोर निषाद, जिला कोषाध्यक्ष रवि किरण डनसेना, संगठन मंत्री राकेश कुमार सिंह, संगठन मंत्री कबीर साहू, महामंत्री रेणु प्रधान, जिला संयुक्त सचिव एलन साहू, जिला विधिक सलाहकार संजय कुमार बेक, ब्लॉक अध्यक्ष जशपुर महेंद्र सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष मनोरा पुरंदर यादव, ब्लॉक अध्यक्ष बगीचा रत्नेश देवता, ब्लॉक उपाध्यक्ष दुलदुला नेस्तोर एक्का, ब्लॉक उपाध्यक्ष जशपुर विजय सिदार, ब्लॉक कोषाध्यक्ष सुमन खलखो, ब्लॉक मीडिया प्रभारी संगीत सिंह, ब्लॉक महामंत्री सहित जिला, विकासखंड एवं संकुल स्तर के पदाधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।
अंत में आभार प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। समारोह में संगठनात्मक एकता, शिक्षकों के अधिकारों के प्रति प्रतिबद्धता और शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के संकल्प की स्पष्ट झलक देखने को मिली।




